26 करोड़ रुपये के टेंडर जारी, रेवाड़ी में बावल IMT की बदहाल सड़कों का होगा कायाकल्प
बावल आईएमटी की आठ बदहाल सड़कों के कायाकल्प के लिए हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (एचएसआइआइडीसी) ने लगभग 26 करोड़ रुपये के टेंडर जारी किए हैं।
-1788440702557_m.webp)
26 करोड़ में होगा बावल आईएमटी की आठ बदहाल सड़कों का कायाकल्प। जागरण
HighLights
बावल आईएमटी की आठ सड़कों का होगा कायाकल्प।
एचएसआइआइडीसी ने 26 करोड़ रुपये के टेंडर जारी किए।
जल्द ही सभी सड़कें सीमेंटेड बनाई जाएंगी, मिलेगी राहत।
जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। प्रदेश के बड़े औद्योगिक क्षेत्रों में शामिल बावल आईएमटी की लंबे समय से बदहाल पड़ी आठ सड़कों के दिन अब बहुरने वाले हैं।
हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (एचएसआइआइडीसी) ने इन सड़कों के कायाकल्प के लिए करीब 26 करोड़ रुपये के टेंडर हो चुके है। योजना के तहत जल्द ही सभी आठ सड़कों को सीमेंटेड बनाया जाएगा। इन सड़कों का निर्माण सेक्टर तीन, पांच, छह और आठ में किया जाना है।
दरअसल, औद्योगिक क्षेत्र में सड़कें लंबे समय से खराब हालत में हैं, जिसके चलते यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों और उद्योग संचालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वर्षा के दौरान स्थिति और अधिक खराब हो जाती है। सड़कें जगह-जगह से टूटने और गड्ढे होने के कारण मालवाहक वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित होती है।
यातायात व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद
बावल आईएमटी में बड़ी संख्या में औद्योगिक इकाइयां संचालित हैं। यहां प्रतिदिन पांच हजार से अधिक मालवाहक वाहनों का आवागमन होता है। ऐसे में सड़कों की खराब स्थिति का सीधा असर औद्योगिक गतिविधियों और परिवहन व्यवस्था पर पड़ता है। नई सीमेंटेड सड़कों के निर्माण से वाहन चालकों को राहत मिलने के साथ ही औद्योगिक क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।
लंबे समय से उठ रही थी सड़क निर्माण की मांग
औद्योगिक क्षेत्र में सड़कें खस्ताहाल होने के कारण उद्योग संचालकों की ओर से लंबे समय से इनके पुनर्निर्माण की मांग उठाई जा रही थी। अब एचएसआइआइडीसी की ओर से टेंडर जारी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है। आठ सड़कों के निर्माण पर करीब 26 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
औद्योगिक क्षेत्र की प्रमुख सड़कों के मजबूत होने से बावल आईएमटी में आने-जाने वाले वाहनों की आवाजाही सुगम होगी। साथ ही यहां स्थापित उद्योगों को भी परिवहन संबंधी सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
औद्योगिक क्षेत्र की सड़कों को सिमेंट का बनाने के टेंडर हो चुके है। वर्षा के मौसम के कारण देरी हुई, लेकिन अब जल्द ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा। - अशोक यादव, एजीएम, एचएसआइआइडीसी
