दो महिलाओं पर घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप
जिले के गांव मंदौला निवासी एक महिला ने अपने ही गांव निवासी दो महिलाओं पर घर में घुसकर मारपीट करने व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी है।
जागरण संवाददाता, रेवाड़ी: जिले के गांव मंदौला निवासी एक महिला ने अपने ही गांव निवासी दो महिलाओं पर घर में घुसकर मारपीट करने व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी है। पीड़िता ने सोने की चेन तोड़ने का भी आरोप लगाया है। खोल थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस सोने की चेन छीनने की बात अभी संदिग्ध मान रही है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव मंदौला निवासी रामगिरी ने कहा कि 17 मई की सुबह वह अपने घर काम कर रही थी। करीब साढ़े नौ बजे गांव निवासी सरोज व बंटी उनके घर में घुस आई और मारपीट करनी शुरू कर दी। दोनों से बचने के लिए वह घर के बाहर की तरफ भाग गई। पड़ोस की अन्य महिलाओं ने उनका बीच-बचाव किया। कुछ देर बाद फिर से दोनों उनके घर आ गई और मारपीट की। गांव निवासी सोमवीर व अंकित ने भी उनके साथ गालीगलौज की। मारपीट के दौरान आरोपित महिलाएं उनके गले से सोने की चेन तोड़ ले गई। स्वजन ने घायल महिला रामगिरी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना के बाद खोल थाना पुलिस ने घायल महिला के बयान दर्ज किए। पुलिस की प्राथमिक जांच में महिला के साथ मारपीट की बात सामने आई है। चेन तोड़ने के आरोप से पुलिस ने इंकार किया है। खोल थाना पुलिस ने महिला की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।