7 सेक्टरों के लोगों के लिए गुड न्यूज! 45 मीटर V-3 सड़क का डिमार्केशन पूरा, एस्टिमेट बनाने में जुटे अधिकारी
रेवाड़ी में 45 मीटर चौड़ी वी-3 सड़क के लिए डिमार्केशन का काम पूरा हो गया है, और अब अधिकारी एस्टिमेट बनाने में जुट गए हैं।

शहर के विकास के लिए महत्वपूर्ण है 45 मीटर चौड़ी वी-3 सड़क
HighLights
वी-3 सड़क का डिमार्केशन कार्य रेवाड़ी में संपन्न
सात सेक्टरों को आपस में जोड़ेगी यह सड़क
बेहतर कनेक्टिविटी से संपत्ति मूल्यों में वृद्धि की उम्मीद
जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। शहर के विकास के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही 45 मीटर चौड़ी वी-3 सड़क के लिए डिमार्केशन का काम पूरा हो गया है। डिमार्केशन का कार्य पूरा होने के साथ ही स्थानीय अधिकारियों की तरफ से एस्टिमेट बनाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
यह सड़क रेवाड़ी के सेक्टर 17, 18, 19, 20, 21, 26 और 27 को आपस में इंटरकनेक्ट करेगी। वी-टू सड़क के बाद यह वी-3 सड़क मास्टर प्लान 2031 के लिए काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इस सड़क के बनने से इन सात सेक्टरों में कनेक्टिविटी बेहतर होगी और लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण
अभी इन सेक्टरों में आपसी संपर्क के लिए कोई बड़ी सड़क नहीं है, जिसके कारण लोगों को घूमकर जाना पड़ता है। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की तरफ से डिमार्केशन का कार्य कर लिया गया है और जमीन की पैमाइश की जा रही है। डिमार्केशन पूरा होने के बाद जल्द ही निर्माण के लिए टेंडर जारी किया जाएगा। टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
कनेक्टिविटी के साथ प्रापर्टी के दाम भी बढ़ेंगे
45 मीटर चौड़ी इस सड़क पर दोनों तरफ फुटपाथ की सुविधा भी होगी। सड़क के दोनों ओर स्ट्रीट लाइटें भी लगाई जाएंगी। मास्टर प्लान 2031 में इस सड़क को रेवाड़ी के बाहरी विकास के लिए रीढ़ की हड्डी माना जा रहा है। इस सड़क के बनने से न केवल सेक्टरों की कनेक्टिविटी बढ़ेगी, बल्कि प्रापर्टी के दामों में भी इजाफा होगा और नए निवेश को भी बढ़ावा मिलेगा।
लंबे समय से लोग इस सड़क की मांग कर रहे थे। अब डिमार्केशन होने से लोगों में उम्मीद जगी है कि जल्द ही सड़क का निर्माण भी शुरू होगा।
'वी-3 सड़क के लिए डिमार्केशन का कार्य पूरा कर लिया गया है। इसका एस्टिमेट तैयार किया जा रहा है। एस्टिमेट तैयार होते ही अप्रुवल के लिए मुख्यालय को भेजा जाएगा। वहां से अनुमति मिलते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।'
- अशोक कुमार, एसडीओ हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण
