विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 28, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

द ग्रेट खली के सेल्‍फी न देने पर हंगामा, युवकों ने कार में मारा मुक्‍का और फेंके पत्‍थर

By kapil kumarEdited By: Anurag Shukla
Published: Wed, 28 Sep 2022 04:55 PM (IST)

डब्ल्यूडब्ल्यूई चैंपियन रेसलर द ग्रेट खली ने सेल्फी देने में दिलचस्पी नहीं दिखाई तो युवकों ने कार पर मुक्के फिर ...और पढ़ें

द ग्रेट खली की कार में पथराव।
द ग्रेट खली की कार में पथराव।

नीलोखेड़ी (करनाल), जागरण संवाददाता। वर्ल्‍ड रेसलिंग एंटरटेनमेंट के चैंपियन और भारत के प्रसिद्ध रेसलर दिलीप सिंह राणा उर्फ द ग्रेट खली की कार पर युवकों ने पहले मुक्के और फिर पत्थर बरसा दिये। खली अपने परिवार के साथ नीलोखेड़ी की गोल मार्केट में आइस्क्रीम खाने आए थे। कुछ युवक खली के साथ सेल्फी लेना चाहते थे, लेकिन खली आइस्क्रीम खाने में व्यस्त रहे। इससे गुस्साएं युवकों ने सारी हदें पार कर दीं। खली ने मामले की शिकायत एसपी करनाल से की। बुटाना थाना पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया है। युवकों की पहचान की जा रही है।

गांव समाना बाहू में रेसलिंग एकेडमी

भारत के प्रसिद्ध रेसलर दिलीप सिंह राणा उर्फ द ग्रेट खली और पूर्व डब्ल्यूडब्ल्यूइ चैंपियन जाना-माना नाम है। उन्होंने नीलोखेड़ी के पास गांव समाना बाहू में रेसलिंग एकेडमी खोली हुई है। मंगलवार शाम को वह अपने परिवार के साथ एसयूवी गाड़ी से गोल चौक पर आइस्क्रीम खाने पहुंचे। कार चालक उतरकर उनके लिए आइस्क्रीम ले आया।

कार के शीशे पर मारे मुक्‍के

खली कार में बैठकर आइसक्रीम खा रहे थे। तभी कुछ युवक उनके पास पहुंचे और शीशे पर हाथ मारने लगे। युवक उनके साथ सेल्फी लेना चाहते थे। खली ने युवकों को अनदेखा करके आइस्क्रीम में व्यस्त रहे। इससे युवक गुस्से में आ गए। उन्होंने जोर-जोर से कार के शीशे पर मुक्के मारने शुरू कर दिए। चालक ने मामला रफा-दफा करने के लिए कार को आगे बढ़ा लिया।

पीछे से पत्‍थर भी मारे

जिसके बाद युवकों ने चलती कार में पीछे से पत्थर मारने शुरू कर दिए। चालक कार को दौड़ाकर ले आया। पत्थरबाजी में किसी को चोट नहीं पहुंची है। हालांकि कार के शीशे क्षतिग्रस्त हुए हैं। खली ने मामले की शिकायत एसपी करनाल गंगाराम पूनिया से की और इसके बाद वह बुटाना थाने पहुंचे।

केस दर्ज कर युवकों की पहचान की जा रही है

बुटाना थाना प्रभारी कंवर सिंह ने बताया कि द ग्रेट खली ने उनकी कार पर पत्थर बरसाने की शिकायत की है। अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मौके का भी मुआयना किया गया, लेकिन तब तक युवक जा चुके थे। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। युवकों की पहचान करके गिरफ्तार किया जाएगा।