फेसबुक पर चैटिंग, दोस्ती और एक मौत की कॉल...सिर्फ 10 दिन में हुआ ये सब
यमुनानगर के टोडरपुर गांव की हरजिंदर कौर से राजस्थान के हनुमानगढ़ निवासी मनप्रीत सिंह की फेसबुक पर दोस्ती हुई। हरजिंदर कौर ने पति कुलदीप के साथ मिलकर युवक की हत्या कर दी।
पानीपत/यमुनानगर, जेएनएन। फेसबुक पर चैटिंग। इसके बाद दोस्ती और फिर एक मौत की कॉल। इस पर विश्वास करना मुश्किल होगा। लेकिन ये सच है और महज 10 दिन की दोस्ती के बाद महिला ने पति के साथ मिलकर युवक की हत्या कर दी। महिला ने युवक के खिलाफ थाने में शिकायत दे दी थी। जब वह समझौते के लिए टोडरपुर पहुंचा तो महिला सहित उसके पति और दोस्तों ने उसकी पिटाई शुरू कर दी। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
राजस्थान के हनुमानगढ़ निवासी भजन सिंह ने बताया कि उनके तीन लड़के थे। मनप्रीत सबसे बड़ा था। बेटे की दस दिन पहले यमुनानगर के टोडरपुर गांव निवासी हरजिंदर कौर से फेसबुक पर दोस्ती हुई। फिर न जाने दोनों के बीच क्या बात हुई कि महिला ने टोडरपुर महिला थाने में मामला दर्ज करा दिया। इसके बाद महिला हरजिंदर कौर के पति कुलदीप सिंह के साथ बात हुई थी।
समझौते के लिए आ रहे थे यमुनानगर
मृतके पिता भजन सिंह ने बताया कि 29 अप्रैल को मनप्रीत सिंह, प्रविन्द्र कौर, साढू नत्थू सिंह और राजा सिंह के साथ खुद यमुनानगर आ रहे थे। कुलदीप सिंह से फोन पर बात हुई। उन्होंने कहा कि बस स्टॉप मुलाना में मिलना। वहां कुलदीप सिंह और उनकी पत्नी हरजिंदर कौर बाइक पर थे। दोनों पक्ष बातचीत पर सहमत हो गए और फैसला लिखने लगे।
कुछ ही देर में हो गया हमला
फैसला लिखने के दौरान ही एक सफेद रंग की कार आई। इसमें से 7 से 8 युवा लड़के निकले। उनके पास डंडे थे। तभी हरजिंदर कौर ने मनप्रीत का गला पकड़ लिया। कुलदीप ने डंडे से सिर पर वार किया। मेरे कार ड्राइवर शेर खान से गाड़ी की चाबी भी छीन ली। मनप्रीत से मारपीट करते हुए कार में जबरदस्ती ले गए।
थाने में मनप्रीत को लेकर पहुंच गए थे आरोपित
घटना के कुछ समय बाद महिला थाना यमुनानगर से कॉल आई कि मनप्रीत सिंह थाने में है। थाना में दोनों पक्षों में लिखित समझौता हो गया। घायल मनप्रीत को लेकर वह हनुमानगढ़ आ गए। रास्ते में ही मनप्रीत की तबीयत ज्यादा खराब होने पर एक अस्पताल में चेक करवाया। बाद में उसकी मौत हो गई। मरने से पहले मनप्रीत के बयान पर पुलिस ने महिला हरजिंदर कौर और उसके पति कुलदीप सहित अन्य युवकों पर केस दर्ज कर लिया।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप