एक ऐसा शहर जहां से गायब हो रहे युवा, पुलिस भी हैरान
शहर से पिछले दिनों तीन किशोर लापता हो गए। उनकी शिकायत पुलिस में दी गई। पुलिस ने पंफलेट छपवाकर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस को कोई सुराग नहीं लग पा रहा है।
पानीपत, जेएनएन। ये वारदात हैरान कर देने वाली हैं। इस शहर से युवा गायब हो रहे हैं। पुलिस को भी इनकी जानकारी नहीं मिल पा रही है और न ही इनके गायब होने के पीछे कोई ठोस वजह सामने आई। ऐसे में अब लोगों में दहशत भी है। पानीपत में जिस तरह से अपराध का ग्राफ बढ़ता जा रहा है, वह वाकई चौकाने वाला है। जानिए आखिर ऐसा क्या हुआ।
शहर की जाटल रोड स्थित आरके पुरम कॉलोनी से एक और इसके साथ लगती मुखीजा कॉलोनी से दो किशोर डेढ़ साल से लापता हैं। परिजन ढूंढ़ कर थक चुके हैं, लेकिन उनका सुराग नहीं मिला है। पुलिस ने सिर्फ पंफलेट चस्पा कर इतिश्री कर ली है।
आरोप: पुलिस सहयोग नहीं कर रही
पीडि़तों का आरोप है कि पुलिस सहयोग नहीं कर रही है। उन्हें आशंका है कि बच्चे किसी गिरोह के शिकंजे में फंस गए हैं। इससे उनकी जान को खतरा भी हो सकता है। परिजन पुलिस अधिकारियों से लेकर मंत्री तक गुहार लगा चुके हैं, लेकिन नतीजा सिफर है।
एसआइटी भी नहीं ढूंढ़ पाई
आरके पुरम कॉलोनी के सुभाष गोस्वामी ने बताया कि उसका छोटा बेटा दीपक 11वीं कक्षा का छात्र है। 29 जून 2017 की शाम को दीपक घर से बाहर गया था। इसके बाद से बेटे का सुराग नहीं है। इसकी शिकायत आठ मरला चौकी पुलिस को दी। उसने दिल्ली, लुधियाना, पटियाला, मेरठ, रोहतक, गोहाना, सोनीपत सहित कई शहरों में तलाश की और पंफलेट चस्पा किये, लेकिन बेटे का भेद नहीं चला।
स्वास्थ्य मंत्री से भी लगाई गई गुहार
कष्ट निवारण समिति की बैठक में स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज से गुहार लगाई। मंत्री के आदेश पर डीएसपी मुख्यालय की निगरानी में एसआइटी (स्पेशल इनवेस्टिंग टीम) बनाई गई। एसआइटी बेटे को तलाश नहीं कर पाई। इस बारे में उसने बुधवार को एसपी सुमित कुमार से भी गुहार लगाई है।
घर के बाहर से लापता हो गए
मुखीजा कॉलोनी के मुमताज ने बताया कि 17 अगस्त 2017 को शाम को उसका बेटा साहिद (14) और भांजा अखलाक (14) घर के बाहर खेल रहे थे। इसी दौरान दोनों संदिग्ध परिस्थिति में लापता हो गए। उसने दोनों की काफी तलाश की, लेकिन सुराग नहीं मिला। पुलिस ने एक-दो दिन तलाश करने के प्रयास किये। इसके बाद जांच धीमी कर दी।
तलाश हो रही
पानीपत के एसपी सुमित कुमार ने बताया कि लापता बच्चों की तलाश की जा रही है। इस मामले में दिल्ली व उत्तर प्रदेश पुलिस का भी सहयोग लिया जाएगा।