पत्नी नहीं थी पसंद, शादी के डेढ़ माह बाद कर दी हत्या
एक व्यक्ति ने शादी के डेढ़ माह बाद ही पत्नी की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि युवक के अपनी भाभी से संबंध थे, जिसमें उसकी पत्नी रोड़ा बन रही थी।
जेएनएन, पानीपत। पत्नी पसंद नहीं थी, इसलिए जींद के दामलवाला गांव निवासी युवक ने पत्नी को मार डाला। उसकी डेढ़ माह पूर्व ही शादी हुई थी। आरोपी ने हत्या की बात खुद कुबूल की है। हालांकि यह भी चर्चा है कि आरोपी के अपनी भाभी से संबंध थे। इसमें उसकी पत्नी रोड़ा बन रही थी, इसलिए उसने उसे मौत के घाट उतारा।
हथवाला गांव के महाबीर ने बताया कि 28 जून 2017 को उसकी बड़ी बेटी अनेखा की शादी दामलवाला गांव के सोनू पुत्र ईश्वर के साथ हुई थी। ससुराल वाले अनेखा को दहेज के लिए प्रताडि़त करते थे। एक जुलाई को अनेखा हथवाला आ गई थी। सोमवार शाम को सोनू उसके घर आया और अनेखा को यह कहकर बाइक पर ले गया कि उसने पानीपत के किशनपुरा में रह रही बहन मंजू से राखी बंधवानी है।
इसके बाद रात आठ बजे मंजू ने फोन किया कि हड़ताड़ी के पास दोनों नहरों के बीच सोनू की बाइक का एक्सीडेंट हो गया है। 5-7 लोगों को साथ ले आओ। वह मौके पर पहुंचा तो अनेखा का शव झाड़ी में पड़ा था। अनेखा की गर्दन, पेट व पैर पर चोट के निशान थे। सूचना मिलने पर डीएसपी देशराज ने मौका मुआयना किया। सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।
थाना इसराना प्रभारी नवीन सिंधू ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सोनू ने बताया कि उसे अनेखा पसंद नहीं थी। इसी वजह से उसने उसे चाकू घोंपकर मार डाला। बाद में उसने चाकू को पश्चिमी यमुना लिंक नहर में फेंक दिया। मामला दर्ज करके सोनू को गिरफ्तार कर लिया है।