घरों को ढहाया, किसी के आंसू छलके तो किसी के सीने में हुआ दर्द
जागरण संवाददाता समालखा कस्बे में मंगलवार को जिला नगर योजनाकार विभाग ने अवैध कब्जे हटाए।
जागरण संवाददाता, समालखा : कस्बे में मंगलवार को जिला नगर योजनाकार विभाग ने अवैध कब्जे हटाए। सीता राम कालोनी के पास करीब 18 एकड़ में कटी तीन कालोनियों में दर्जनों प्लाटों की नींव के साथ निर्माणाधीन मकानों को गिराया गया। आंखों के सामने आशियाने को गिरते देख किसी की आंखों से आंसू छलके उठे तो किसी के सीने में दर्द हो चला। प्रशासनिक अमले के सामने मिन्नत के सिवाय कुछ न कर सके। वहीं, जेई सुधीर राठी ने अवैध कॉलोनी में प्लाट न खरीदने की सलाह दी।
एटीपी सतीश कुमार, ड्यूटी मजिस्ट्रेट बिजली निगम के एसडीओ वतन सेढ़ा, भारी पुलिस बल के साथ दो जेसीबी लेकर मंगलवार दोपहर करीब ढ़ाई बजे भाजपा नेता शशिकांत कौशिक के मॉल के पीछे सीता राम कालोनी पहुंचे। प्लाटों की भरी गई नींव को गिराना शुरू किया। फिर निर्माणाधीन मकान को गिराया गया। उसके साथ लगते मकान की नींव गिराने लगे तो कुछ महिलाएं विरोध में उतर आईं। जेई सुरेंद्र राठी ने सख्ती दिखा हटाया तो मिन्नत करने लगीं। लेकिन कुछ काम नहीं आया और देखते ही देखते मशीन ने चारदीवारी को धराशायी कर दिया। इसके बाद आगे अनेक मकानों की नींव व चारदीवारी गिराई गई। फिर लौटते समय चारदीवारी व इंटरलॉकिग टाइल लगा काटी गई कॉलोनी का नंबर आया। जहां चारदीवारी को गिराने के साथ रास्तों को खोद दिया गया। यह कार्रवाई करीब ढ़ाई घंटे शाम पांच बजे तक चली। वहीं कस्बे में जिला नगर योजनाकार विभाग की टीम के आने की खबर से प्रापर्टी डीलरों में हड़कंप मचा रहा।
रोते हुए डीलर को कोसा
आंखों के सामने प्लाट की नींव गिरने लगी तो सुरेंद्र कौर ने गरीबी की दुहाई दे अधिकारी के सामने मिन्नत की, लेकिन नींव को गिरने से नहीं बचा सकी। फिर आंखों से आंसू छलक आए। रोते हुए प्रॉपर्टी डीलर व बिचौलियों को कोसा। कहने लगी, बड़ी मुश्किल से नींव भरी थी। उन्हें क्या पता था की, ये अवैध कॉलोनी में है। भगवान धोखा करने वाले का कभी भला न करे।
अरे बेटा, बड़ी मुश्किल से लिया है प्लाट
बगल के प्लाट की नींव गिरा जेसीबी निर्माणाधीन मकान की तरफ बढ़ी तो बगल में कुर्सी डाल बैठी साहबो के सीने में दर्द होने लगा। छाती पकड़ लंबी सांस लेने लगी। सास का ये हाल देख पुत्रवधू हाथ व सीने को रगड़ने लगी। पुलिसकर्मी दूर लेकर जाने के लिए कहने लगा तो हाथ जोड़कर साहबो ने कहा, अरे बेटा बड़ी मुश्किल से लिया है। फिर बेहोश हो गई। पुत्रवधू पानी पिला साइड में ले गई। बेटे प्रदीप ने अधिकारियों से मिन्नत कर खुद उखाड़ लेने का समय मांगा। वहां से जेसीबी हटी तो साहबो ने राहत की सांस ली।
अवैध कॉलोनी में न लें प्लाट
जेई सुरेंद्र राठी ने बताया कि करीब 18 एकड़ में काटी गई तीन कॉलोनियों में करीब 50 नींव, चार दिवारी व निर्माणधीन मकान गिराने की कार्रवाई की गई। विभाग की ये कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि लोग किसी भी कॉलोनी में प्लाट लेने से पहले उसके वैध व अवैध होने के बारे में जरूर जान ले।