मजदूर की अजब मजबूरी...पुलिस के पहरे में मजदूरी, क्योंकि मिली है धमकी
पानीपत के गढ़ सरनाई के विकास से दस लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला। घर से निकलता है तो पुलिसकर्मी साथ रहता है। बदमाश ने मांगी थी दस लाख रुपये की रंगदारी। पुलिस अब तक 75 लोगों से पूछताछ कर चुकी आरोपित का पता नहीं चल सका।
पानीपत, जेएनएन : गढ़ सरनाई गांव का मजदूर विकास पुलिस के साये हैं। घर से निकलता है। मजदूरी करने जाता है। हथियारबंद पुलिसकर्मी साथ रहता है। चाय-पानी का खर्च भी उन्हें ही वहन करना पड़ता है। इससे उसकी व उसके स्वजनों की दिक्कत बढ़ गई है। दरअसल, विकास से एक बदमाश ने दस लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। रुपये न देने पर गोली मारने की धमकी दी थी। तभी से उनकी सुरक्षा में पुलिसकर्मी लगा रखा है। पुलिस तीन महीने में 75 संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर चुकी है, लेकिन नतीजा सिफर नहीं निकला है। विकास को काल किस नंबर से की गई है इसका पता तक नहीं लग पाया है।
गनमैन ही बन गया था सिरदर्द
विकास की सुरक्षा में सिपाही पंकज को लगाया था। पंकज ने हथियार दिखाकर विकास को सारी रात जाए रखा। उनसे बीड़ी जलवाई। पड़ोसियों को तंग किया। इसके बाद से पीड़ित ने गनमैन लेने से मना कर दिया था। एसपी के संज्ञान में मामला आया तो गनमैन को विकास की सुरक्षा से हटाया गया। विभागीय जांच भी शुरू की गई। दूसरा गनमैम पीड़ित को मुहैया कराया गया।
यह है मामला
21 अगस्त 2020 को एक युवक ने इंटरनेट के जरिये विकास को काल कर धमकी दी कि वह गैंगस्टर काला जठेड़ी बोल रहा है। दस लाख रुपये की रंगदारी दे देना। नहीं तो उसे व उसके स्वजनों को गोली मार देगा। पीड़ित विकास ने सेक्टर 13-17 थाने में शिकायत दर्ज कराई। विकास की पत्नी झगड़ा कर मायके गई थी। पुलिस ने पत्नी के स्वजनों से भी पूछताछ की, लेकिन मामले की गुत्थी नहीं सुलझ पाई।