प्रॉपर्टी विवाद में फायरिंग, घर में घुसकर महिला को मारी दो गोलियां
प्रॉपर्टी विवाद में महिला पर घर में घुसकर दागी गोलियां। उसे रेफर कर दिया गया है। परिजनों का आरोप है कि महिला पर फायरिंग करने वाला कानपुर से आया था।
पानीपत/अंबाला, जेएनएन। मात्र सौ गज के प्लाट के विवाद में अंबाला कैंट के माल रोड स्थित एक घर में घुसकर बदमाश ने महिला पर फायरिंग कर दी। हमला करने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। महिला को घायल हालत में अंबाला कैंट के नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां उसे प्राथमिक उपचार देने के बाद पीजीआइ चंडीगढ रेफर कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपित की तलाश के लिए पुलिस ने नाकाबंदी कर छापामारी शुरू कर दी है।
माल रोड की रहने वाली महिला प्रीति की शादी करीब बारह साल पहले कानपुर में हुई थी। लॉकडाउन शुरु होने से पहले महिला अपने भाई के घर पर रहने के लिए आई थी। इसी दौरान कोरोना के चलते लॉकडाउन हो गया और वह वापस कानपुर नहीं जा सकी। दूसरी ओर कानपुर में उसका सौ गज का एक प्लाट है। इसी प्लाट को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था।
रविवार को महिला माल रोड पर स्थित अपने भाई के आवास पर ही थी। इसी दौरान एक युवक दरवाजा खोलकर सीधे घर में दाखिल हो गया। महिला को देखते ही आरोपित ने दो गोलियां दाग दी। एक गोली टांग में तो दूसरी कंधे में लगी। फायर की आवाज सुनते ही अन्य परिजन भी कमरे की ओर भागे, जबकि आरोपित फरार हो गया।
दावा किया जा रहा है कि जिस आरोपित ने उन पर फायर किया है, वह कानपुर से ही आया है। घायल महिला को तुरंत अंबाला छावनी के नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे पीजीआइ चंडीगढ़ स्थित अस्पताल में रेफर कर दिया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में पुलिस को बताया गया है कि मामला प्रापर्टी विवाद से जुड़ा है, जबकि आरोपित भी कानपुर से ही आया था।
इस बारे में एसएचओ अंबाला कैंट सदर थाना विजय कुमार ने बताया कि मामला प्रापर्टी विवाद को लेकर है, जबकि आरोपित फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। महिला को रेफर कर दिया गया है, जबकि आगामी जांच जारी है।