हनीट्रैप में प्रॉपर्टी डीलरों को फंसा मांगे 10 लाख, हुआ पर्दाफाश Panipat News
जींद में प्रॉपर्टी डीलरों को हनीट्रैप में फंसा कर लाखों रुपये मांगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपित महिला को रंगे हाथों पकड़ा।
पानीपत/जींद, जेएनएन। प्रॉपर्टी डीलरों को हनीट्रैप में फंसाकर दस लाख रुपये की मांग करने वाली महिला को पुलिस ने एक लाख रुपये लेते हुए रंगे हाथों काबू कर लिया। आरोपित महिला इससे पहले 50 हजार रुपये ले चुकी थी। सिविल लाइन पुलिस ने महिला के खिलाफ मामला दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया।
डीएसपी पुष्पा खत्री ने बताया कि सोनीपत जिले की एक महिला ने 13 मई को महिला थाने में शिकायत दी थी कि वह भैंस खरीदने के लिए जींद आई थी। इसी दौरान तीन लोग भैंस दिलाने का झांसा देकर कार में बैठा लिया और बाईपास पर ले जाकर कार में उसके साथ दुराचार किया। बाद में आरोपित उनको छोड़कर फरार हो गए। महिला पुलिस ने बुधवार को तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ दुराचार व धमकी देने का मामला दर्ज किया।
गांव कंडेला निवासी दीपक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका पिता धर्मबीर व पिता का दोस्त सुखबीर प्रॉपर्टी डीलर का काम करते हैं। सोनीपत की एक महिला ने उसके पिता धर्मबीर, उसके पिता के दोस्त सुखबीर व एक अन्य पर दुराचार का मामला दर्ज करवाकर दस लाख रुपये की डिमांड कर रही है। बाद में महिला चार लाख रुपये में समझौता करने पर तैयार हो गई। इससे पहले महिला उसके पिता से 50 हजार रुपये समझौते के नाम पर ले चुकी है।
पैसे की दूसरी किश्त लेने के लिए वीरवार को अर्बन एस्टेट स्थित ढाबा पार्क में महिला ने बुलाया है। शिकायत मिलने पर जुलाना के बीडीपीओ धर्मबीर सिंह को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त करके छापेमारी दल गठन किया। इसमें सिविल लाइन थाना प्रभारी जगदीश सिंह, एसआइ रमेश कुमार, एएसआई कृष्ण कुमार, एएसआइ मोनिका देवी, एचसी बुधराम को शामिल किया। इसके बाद शिकायतकर्ता ने महिला से संपर्क किया तो उसने बताया कि वह पार्क में आ चुकी है। शिकायकर्ता ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट के हस्ताक्षरयुक्त नोट महिला को थमा दिए और इशारा मिलते ही पुलिस ने महिला को पकड़कर उसके कब्जे से राशि को बरामद कर लिया। पुलिस आरोपित महिला से पूछताछ कर रही है।