महिला एएसआई का कारनामा, सामने आया छेड़छाड़ केस से लेकर रिश्वत का खेल
कुरुक्षेत्र में महिला एएसआई छेड़छाड़ का झूठा मामला दर्ज करा पैसे लेकर समझौता करती थी। महिला सहित गिरफ्तार कर गए। एएसआई के घर छापेमारी कर रुपये बरामद किए।
पानीपत/कुरुक्षेत्र, जेएनएन। कुरुक्षेत्र पुलिस ने छेड़छाड़ का झूठा मामला दर्ज करा पैसे लेकर समझौता करवाने के आरोप में महिला एएसआइ सहित दो महिलाओं को 30 हजार रुपये लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। एएसआई ने अपने मोबाइल से ही समझौता कराने की बात कराई थी और उनको पैसे लेकर अपने घर पर ही बुलाया था। पुलिस ने करनाल के गांव काछवा निवासी एक दुकानदार की शिकायत पर यह कार्रवाई की है। महिला एएसआई ने कुरुक्षेत्र की पटियाला बैंक कॉलोनी वासी महिला की शिकायत पर दुकानदार पर मुकदमा दर्ज कराया था।
एसपी आस्था मोदी ने बताया कि गत दिनों तरुण वासी गांव काछवा जिला करनाल ने शिकायत दी थी। उसने बताया कि उनकी पाल नगर काछवा रोड पर टाइल सीमेंट की एक दुकान है। उसके पिता जयसिंह के खिलाफ पटियाला बैंक कालोनी कुरुक्षेत्र की एक महिला ने छेडख़ानी करने का एक मामला दर्ज करवाया हुआ है। उक्त महिला उनसे पैसे लेकर मुकदमे में समझौता करने का दबाव बना रही है। उसने पैसे ऐठने की नीयत से झूठा मुकदमा दर्ज कराया है। उसने अपने दोस्त हवा सिंह वासी पुंडरक जिला करनाल से फोन पर बातचीत की। उसने 30 हजार रुपये की मांग की। वह अपने दोस्त हवा सिंह को लेकर महिला के दिए पते पर पहुंचा।
ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में रंगे हाथों किया काबू
एसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी रविंद्र तोमर को नियुक्त किया गया। डीसी ने नायब तहसीलदार थानेसर जयवीर सिंह रंगा को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया। उनके साथ हवलदार राजिंद्र, चंद्रपाल, एसपीओ पपिंद्र सिंह, महिला हवलदार रीना कुमारी और महिला सिपाही अनुराधा की टीम तैयार की। शिकायतकर्ता के साथ बताए गए पते पर पहुंचे। पुलिस ने शिकायतकर्ता का इशारा पाकर महिला बाला देवी को 30 हजार रुपये सहित काबू किया।
एएसआइ ने अपने घर मंगवाए थे पैसे
पुलिस ने महिला एएसआइ कैलाश कौर के कब्जे से एक मोबाइल बरामद किया। उक्त मोबाइल से ही महिला ने शिकायतकर्ता के साथ बातचीत की थी। उक्त मकान महिला एएसआइ कैलाश कौर का मिला। पुलिस ने दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को कोर्ट में पेश किया। जहां से उनको न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।