पत्नी ने गमछे से घोंटा पति का गला, गली में शव फेंक बन गई अनजान, बच्चों ने बताई सच्चाई तो हर कोई सन्न
करनाल के घरौंड़ा के गांव कुटेल की वारदात। पति का शव सुबह गली में मिला था। घर की छानबीन में लोगों को गमछा और चप्पल तसले में छिपाई मिली। पत्नी पर शक गया तो बच्चों से पूछताछ की। उन्होंने सच्चाई बता दी। पुलिस को सूचना दी गई।
संवाद सहयोगी, घरौंडा (करनाल)। करनाल के कुटेल गांव में उस समय सनसनी फैल गई जब एक महिला ने गमछे से अपने पति का गला घोंटकर हत्या कर दी। शव घर के बाहर गली में पड़ा मिला। इसके बाद स्वजन शव को घर के अंदर ले गए। मृतक के गले पर निशान देख उन्हें उसकी पत्नी पर शक हुआ और मामले की शिकायत पुलिस को दी। सूचना के बाद पुलिस व एफएसएल टीम मौके पर पहुंच गई। पूछताछ में महिला ने अपने पति की हत्या करने का रहस्योद्घाटन किया है।
कुटेल गामड़ी में रहने वाला सतीश कुमार मेहनत मजदूरी का काम करता था। शनिवार अलसुबह रहस्यमयी हालात में उसका शव गली में घर के बाहर पड़ा मिला। ग्रामीणों ने यह देखा तो उसके स्वजनों को सूचना दी। इसके बाद वे मौके पर पहुंचे और शव अंदर ले गए। जब सतीश की पत्नी रेखा से पूछताछ की गई तो वे कुछ स्पष्ट जवाब नहीं दे पाई। मृतक के भाई सुरेश कुमार को अपनी भाभी रेखा पर शक हुआ और उसने इधर-उधर छानबीन की तो सतीश का गमछा व चप्पल एक तसले में मिली, जिन्हें कचरे से ढका हुआ था।
बच्चों ने बताई आंखों देखी
सुरेश ने बताया कि उसके भाई की शादी करीब 14 साल पहले हुई थी। इसी दौरान उनके दो बच्चे भी हुए। इनमें 13 साल की बेटी और सात साल का बेटा है। उन्होंने बच्चों से भी इस घटना के बारे में पूछताछ की थी। बच्चों ने स्वजनों व ग्रामीणों को बताया कि मम्मी-पापा का झगड़ा हुआ था। इस दौरान मम्मी ने पापा को थप्पड़ मारा तो पापा ने बोला कि मैं थप्पड़ से नहीं मरूंगा, गमछे से मेरा गला घोंट दो। उसके बाद मम्मी ने पापा का गला घोंट दिया। सुरेश ने बताया कि जब सतीश के शव की जांच की गई तो उसके गले पर निशान मिले। इससे प्रतीत हो रहा था कि गले को किसी चीज से दबाया गया है।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
सुरेश ने भाभी पर शक के आधार पर मामले की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस व एफएसएल टीम मौके पर पहुंच गई। एफएसएल व पुलिस टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद स्वजनों को सौंप दिया। आरोपित पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया।
थाना प्रभारी मधुबन दीपक कुमार ने कहा कि
कुटेल गामड़ी में सतीश की हत्या के मामले में आरोपित पत्नी रेखा के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने माना कि अपने पति की उसी ने गमछे से गला घोंटकर हत्या की है। हत्या के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है।
पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें