हाली पार्क का खर्च क्यों छिपा रहे अफसर, कहीं कोई घोटाला तो नहीं
नगर निगम अधिकारियों ने ढाई साल में भी नहीं दी खर्च की जानकारी। पार्क के डेवलपमेंट में गोलमाल की आशंका से आरटीआइ के तहत मांगी थी जानकारी। 2009 से 14 तक बीच खर्च की मांगी सूचना।
जागरण संवाददाता, पानीपत : मशहूर शायर अल्ताफ हुसैन हाली की याद में शहर में हाली पार्क बनाया गया है। करोड़ों रुपये खर्च कर यहां पुनर्निर्माण चल रहा है। दूसरी तरफ, नगर निगम हाली पार्क में खर्च की जानकारी नहीं दे रहा। आरटीआइ कार्यकर्ता को अधिकारियों की ढाई साल तक अनदेखी करने के बाद राज्य सूचना आयुक्त का दरवाजा खटखटाना पड़ा। आयुक्त शिव रमन गौड़ ने नगर निगम एक्सईएन को कारण बताओ नोटिस जारी कर 15 दिसंबर तक जवाब देने के आदेश दिए हैं। जवाब संतोषजनक न मिलने पर आयोग 25 हजार रुपये जुर्माना लगा सकता है।
आठ मरला निवासी आरटीआइ कार्यकर्ता दिलबाग देसवाल ने बताया कि उसने 20 मई 2016 को हाली पार्क में 2009 से 2014 तक हुए खर्च की जानकारी मांगी थी। निगम अधिकारियों ने इसकी कोई सूचना नहीं दी। उसने प्रथम अपीलीय अधिकारी से इसकी सूचना मांगी। यहां पर भी उसको जानकारी नहीं दी गई। कार्यकर्ता उसके बाद राज्य सूचना आयोग में अपनी अपनी अपील दायर की। राज्य सूचना आयुक्त ने आठ अगस्त 2018 को सुनवाई करते हुए नगर निगम अधिकारियों की सूचना देने के लिए समय सीमा निर्धारित की थी। बावजूद इसके निगम अधिकारियों ने किसी तरह की सूचना नहीं दी।
आयुक्त बोले, क्यों न आप पर 25 हजार का जुर्माना लगा दिया जाएं
राज्य सूचना आयुक्त शिव रमन गौड़ ने प्रथम अपील पर मामले की सुनवाई करते हुए नगर निगम एक्सईएन को कारण बताओ नोटिस जारी करते जानकारी न देने पर लिखित में जवाब मांगा है। आयुक्त ने साफ तौर पर पूछा है कि क्यों न आप पर 25 हजार रुपये जुर्माना लगा दिया जाएं। आयुक्त ने नगर निगम को लिखित में जवाब देने के लिए 15 दिसंबर तक का समय दिया है। पेशी के दौरान सुनवाई के लिए मौजूद रहने के आदेश दिए। जिसकी अगली सुनवाई 13 फरवरी 2019 को तय की गई है।
सीएम विंडो पर की शिकायत पर नहीं की जांच
दिलबाग देसवाल ने बताया कि हाली पार्क में विकास कार्यों के नाम पर गोलमाल की आशंका है। उसने पूरे मामले से पर्दा उठाने के लिए सीएम विंडो में भी शिकायत दी। लेकिन जांच करना तो दूर उसका पक्ष तक नहीं सुना। अधिकारियों ने अपने स्तर पर ही शिकायत को दफ्तर दाखिल कर दिया।
अब 23 करोड़ की लागत से बन रहा पर्यटक स्थल
मशहूर शायर अल्ताफ हुसैन हाली के नाम से बनाए गए हाली पार्क को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। इस पर 23 करोड़ रुपये का प्रस्ताव पास किया गया है। एक निजी कंपनी को इसका काम दिया गया है। नगर निगम की तरफ से करीब पांच करोड़ रुपये मंजूर भी कर दिए हैं। शहर की विधायक रोहिता रेवड़ी, निवर्तमान मेयर सुरेश वर्मा और निगम अधिकारी कई बार निरीक्षण कर चुके हैं। यह काम अब अपेक्षाकृत कम स्पीड में चल हा है।