गाली देने से रोका तो देवर ने भाभी के सिर पर गंडासी से हमला किया
काबड़ी की अशोक कुमारी ने शिकायत दी कि पांच जून को रात आठ बजे वह अपने घर पर थी। शराब के नशे में देवर सुरजीत गली में खड़ा होकर गाली-गलौज करने लगा।
संस, काबड़ी : काबड़ी गांव की अशोक कुमारी ने पुलिस को शिकायत दी कि 5 जून को रात आठ बजे वह घर पर थी। इसी दौरान शराब के नशे में देवर सुरजीत गली में खड़ा होकर गाली-गलौज करने लगा। ऐसे करने से रोका तो उसके सिर पर देवर ने गंडासी से हमला किया। बेटी नीलम ने उसे जमीन से उठाया। इसके बाद सुरजीत की पत्नी लच्छी देवी, बेटी प्रियंका और बेटे पवन ने पीटा। लोगों को देख देवर गंडासी लेकर फरार हो गया। मॉडल टाउन थाना पुलिस ने उक्त आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
मामा भांजी को लेकर फरार, सात पर केस
जासं, पानीपत : किला थाना क्षेत्र की एक महिला ने पुलिस को शिकायत दी कि उसका संयुक्त परिवार है। छह महीने से देवरानी का भाई उसके घर पर रहने लगा और नाबालिग बेटी के साथ छेड़खानी करने लगा। उसने देवरानी से कहा कि भाई को अपने घर भेज दे। वे नहीं मानी। शनिवार को पति फैक्ट्री चला गया था। वे भी फैक्ट्री में रुपये लेने चली गई। इसी दौरान देवरानी का भाई उसकी नाबालिग बेटी का अपहरण करके ले गया। इस साजिश में देवरानी, देवरानी के दो बुआ और फूफा शामिल हैं। आरोपित उन्हें ही जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। किला थाना पुलिस ने उक्त आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
विद्यानंद कॉलोनी से किशोरी लापता
जासं, पानीपत : विद्यानंद कॉलोनी के मोहम्मद रफी ने पुलिस को शिकायत दी कि उसकी बेटी रहीमीन नौवीं कक्षा की छात्रा है। 21 मार्च को वह और उसकी पत्नी फैक्ट्री में काम पर गए थे। वे एक बजे घर लौटे तो बेटी रहीमीन लापता हो गई। उसकी बेटी की तलाश की जाएगी। वे लॉकडाउन की वजह से तब पुलिस को शिकायत नहीं दे पाया था। थाना चांदनी बाग पुलिस ने मामला दर्ज करके किशोरी तलाश शुरू कर दी है।