Weather Updates: पानीपत सहित हरियाणा के इन शहरों में लगातार गिर रहा तापमान, शीतलहर से बढ़ी ठंडक
हरियाणा के कई शहरों में मौसम ने अचानक करवट ली है। शीतलहर की वजह से तापमान में भी गिरावट आई है। पहाड़ों में हो रही बर्फबारी की वजह से मैदानी इलाकों में मौसम बदलेगा। बूंदाबांदी की भी संभावना है।
पानीपत, जेएनएन। हरियाणा में ठंडक ने दस्तक दे दी है। अब हर दिन पानीपत सहित कई शहरों में तापमान में गिरावट हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक हरियाणा के पानीपत में आज सोमवार का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। रविवार को न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। वहीं, बूंदाबांदी की भी संभावना जताई जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार 22 नवंबर तक मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील बने रहने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण उत्तर पश्चिमी क्षेत्रों में 21-22 नवंबर को बीच-बीच में आंशिक बादलवाई होने की संभावना है। इस दौरान बीच-बीच में हवाओं की दिशा में भी बदलाव संभावित है। जो उत्तर पश्चिमी से उत्तर पूर्वी होने की संभावना है। जिससे वातावरण में नमी की मात्रा बढ़ेगी। 21 नवंबर को उत्तर पश्चिमी ठंडी हवाएं फिर से चलने से रात्रि तापमान में गिरावट की संभावना है।
सोमवार सुबह ठंडी हवा चली। सोमवार को वायु गुणवत्ता में सुधार रहा। एयर क्वालिटी इंडेक्स 164 रहा। तेज हवा चलने से मौसम साफ रहा। इस बार निर्यातकों के पास आर्डर कम होने के कारण ज्यादातर उद्योग एक दो शिफ्ट में ही चल रहे हैं। डाइंग उद्योगों पीएनजी अथवा बायोमास का प्रयोग हो रहा है। जिसका सीधा असर एयर क्वालिटी इंडेक्स पर पड़ा है।
मौसम साफ रहने सब्जियों की आवक बढ़ी
मौसम साफ रहने से सब्जियों सहित फ्रूट की आवक बढ़ गई है। लोकल पालक, मेथी, हरी सब्जी की आवक भी बढ़ गई है। अधिक आवक होने से सब्जियों की भाव में भी गिरावट दर्ज की गई है। मूली, खीरा, टमाटर, गोभी, पालक, मेथी के भाव में गिरावट रही। मटर के भाव 200 रुपये से गिरकर 120 रुपये किलोग्राम रहे।