Weather Update कोहरे ने बढ़ाई मुश्किलें, दृश्यता लगभग शून्य, अभी तीन दिन ऐसा ही रहेगा मौसम
बारिश के बाद अब कोहरे ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। सुबह के समय लगभग शून्य के आसपास दृश्यता थी।
पानीपत, जेएनएन। मौसम से फिलहाल राहत मिलने की उम्मीद नहीं दिखाई दे रही है। बारिश के बाद एक दिन राहत और फिर कोहरे की चादर से लोग कंपकंपा उठे। सुबह घना कोहरा छाया। दृश्यता लगभग शून्य थी। इससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अभी तीन दिन तक कोहरा छाएगा।
शनिवार सुबह के समय ही कोहरा छा गया। कोहरे के कारण ठंड भी बढ़ गई। लोगों को अलाव का सहारा लेकर ठंड से अपना बचाव करना पड़ा। सड़कों पर वाहन रेंगते हुए दिखाई दिए। बसों और ट्रेनों में सफर करने वाले यात्री देरी से अपने गंतव्य तक पहुंचे।
फसल को फायदा
कृषि विशेषज्ञों ने बताया कि इस मौसम से गेहूं की फसल को फायदा हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अभी अगले तीन दिनों तक सुबह और शाम के समय कोहरा छाएगा। 4 फरवरी को फिर से बूंदाबांदी हो सकती है। शनिवार को अधिकतम तापमान में पांच डिग्री की गिरावट हुई। अधिकतम तापमान में 15 डिग्री रहा, जबकि न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अगले दो दिनों तक छाया रहेगा कोहरा
कृषि वैज्ञानिक रमेश चंद वर्मा ने बताया कि अभी आगामी तीन दिनों तक सुबह और शाम के समय कोहरा छाया रहेगा। जबकि चार फरवरी को बूंदाबादी होने की संभावना है। जबकि इसके बाद मौसम साफ रहेगा।
ठंड से राहत नहीं
मौसम विभाग की मानें तो तीन फरवरी तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में घना कोहरा छाने की संभावना है। हल्के बादल भी छाए रहेंगे।
कोहरे के कारण थम गई हाईवे पर रफ्तार
सुबह घना कोहरा छा जाने के कारण वाहनों की रफ्तार मानो थम सी गई हो। वाहन चालकों को फॉग लाइट जगाकर चलना पड़ा। हालांकि 11 बजे के बाद धुंध छटना शुरू हो गई।