Weather Update: ठंड का सितम, तस्वीरों में देखिए कोहरे का दम, दृश्यता शून्य Panipat News
Weather Update पानीपत सहित आसपास के जिलों में ठंड ने फिर से वापसी की। सुबह-सुबह कोहरे ने दस्तक दे दी।
पानीपत, जेएनएन। Weather Update ठंड का सितम एक बार फिर देखने को मिला। पिछले दिनों हुई बारिश के बाद अचानक कोहरे ने दस्तक दे दी है। सुबह दृश्यता लगभग शून्य थी। वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मंगलवार को पानीपत का अधिकतम तापमान 17.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान गिरावट के साथ 7.0 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान के मुताबिक आने वाले 24 घंटे में भी कोहरा छाएगा। बादल भी छाए रहेंगे।
जनवरी में हुई बरसात करती है नाइट्रोजन का काम
कृषि विभाग के पूर्व तकनीकी अधिकारी डॉ. एसपी तोमर ने कहा कि जनवरी में होने वाली बरसात गेहूं की फसल में खाद का काम करती है। ओलावृष्टि फसल के लिए नुकसानदायक है। जनवरी में फसल दूसरे पानी के लायक हो जाती है। इस माह हुई बरसात ने न केवल दूसरे पानी की कमी को पूरा किया है, बल्कि खाद का काम भी किया है। यह बरसात की बूंदे नाइट्रोजन का काम करती हैं।
गेहूं की फसल में फुटाव अधिक होता है। जिले में 1.72 लाख हेक्टेयरे में बुआई की गई गेहूं की फसल को इस बरसात का बहुत अधिक फायदा होगा। गेहूं के लिए ठंड का लंबे समय तक चलना जरूरी है। गेहूं की बंपर पैदावार होने की उम्मीद है। पिछले रिकॉर्ड पर नजर दौड़ाई जाए तो जब भी ठंड लंबी चली है गेहूं का रिकॉर्ड उत्पादन हुआ है।
ठंड भी लंबे समय तक रह सकती है कायम
केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान के मौसम विशेषज्ञ डॉ. डीएस बुंदेला के मुताबिक इस बार ठंड लंबी चलेगी। पिछले दिनों प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हुई ओलावृष्टि का ही यह असर है कि ठंड चरम पर है। जिस प्रकार की परिस्थिति इस समय बनी हुई हैं वह गेहूं के लिए भी उपयोगी हैं।
बदला मौसम का मिजाज, कोहरे ने बढ़ाई परेशानी
मौसम का मिजाज दिन प्रतिदिन ठंडा होता जा रहा है। मंगलवार सुबह दिन की शुरूआत भी कोहरे से हुई। दिन भर कोहरे व बादलों ने सूर्यदेव के दर्शन तक नहीं होने दिए। अधिकतम तापमान जहां 17.0 और न्यूनतम 7.0 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा 5 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चली। ²श्यता 10-15 मीटर के करीब रही। ऐसे में लोग धूप के लिए दिन भर तरसते रहे। ठंड के बीच वो घरों से निकलने में परहेज करते रहे। बाजारों पर भी इसका असर देखने को मिला। सुबह ही गुलजार होने वाले बाजारों में दोपहर बाद दुकानों पर भीड़ देखने को मिली। दूसरी ओर हाईवे पर वाहन चालकों को दिन में भी फॉग लाइट जलाकर चलना पड़ा। जो रेंग रेंग कर चलते दिखे। हालांकि मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो बुधवार से मौसम में सुधार के आसार है।
लंबी चलने वाली ठंड गेहूं के लिए फायदेमंद
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उप निदेशक डॉ. वीरेंद्र देव आर्य ने बताया कि जनवरी माह में हुई बरसात गेहूं की फसल के लिए बहुत फायदेमंद रहती है। बरसात की बूंदे नाइट्रोजन का काम करती है। इससे खाद की पूर्ति होने के साथ फुटाव अधिक होता है, जो पैदावार में बढ़ोतरी करता है। उन्होंने बताया कि ओलावृष्टि से फसल को नुकसान होता है, लेकिन उसके बाद जो मौसम में ठंड आती है वो लाभदायक रहती है। लंबी चलने वाली ठंड गेहूं के लिए लाभदायी रहेगी। जिले में 85 हजार हेक्टेयर में गेहूं की बिजाई हुई है।
हाईवे पर रेंग रेंगकर चलते रहे वाहन
दिन भर छाया कोहरा वाहन चालकों से लेकर स्कूल जाने वाले बच्चों तक के लिए परेशानी बना रहा। कोहरे के चलते बढ़ी ठंड से जहां सुबह सुबह बच्चे स्कूल जाते समय कंपकंपाते दिखे, वहीं ²श्यता कम होने पर हाईवे पर वाहन रेंग रेंगकर चलते दिखे। वाहन चालकों को दिन में भी फॉग लाइट जलाकर चलना पड़ा। नेशनल हाईवे पर कई जगहों पर वाहनों के बीच आपसी भिड़ंत भी हुई, लेकिन लोग चोटिल होने से बच गए।