हरियाणा के कई जिलों में छाया कोहरा, दृश्यता भी शून्य, अभी दो दिन तक ऐसा ही रहेगा मौसम
हरियाणा के पानीपत करनाल सहित कई जिलों में कोहरा छाया रहा। सुबह कोहरे की वजह से दृश्यता भी शून्य रही। इससे वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अभी दो दिन ऐसा ही मौसम रहेगा।
पानीपत, जेएनएन। ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। पहले बारिश और अब कोहरे की वजह से ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता ही जा रहा है। दो दिन से लगातार कोहरा छा रहा है। न्यूनतम तापमान में भी लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। शुक्रवार को भी सुबह ही धुंध ने करनाल सहित पानीपत को आगोश में ले लिया। आने वाले दिनों में भी धुंध का असर जारी रहने की संभावना मौसम विभाग ने जारी की है।
शुक्रवार की सुबह जब लोग उठे तो फिर से उनका सामना धुंध से हुआ। शहर की गलियों से लेकर हाइवे तक धुंध पसरी हुई दिखाई। हाइवे पर वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ा। क्योंकि धुंध की वजह से सुबह दृश्यता शून्य तक पहुंच गई। इसके चलते हाइवे की रेड लाइट को भी बंद कर दिया गया। ताकि रेड लाइट पर वाहन खड़े होने से पीछे आ रहे वाहन उनसे टकरा नहीं जाएं। इसके साथ ही वाहन चालक भी पूरी हिफाजत के साथ आगे बढ़े। शहर के अंदर भी वाहन चालकों ने दिन में ही फॉग लाइट का इस्तेमाल करना पड़ा। ठंड के चलते लोगों ने दुकानों के बाहर सुबह ही अलाव जलाना शुरू कर दिया था। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी सुबह के समय धुंध का सामना करना पड़ सकता है। जबकि दोपहर के समय धूप निकलने की संभावना भी है।
ठंड के साथ कोहरे की भी मार लोगों को झेलनी पड़ रही है। प्रदेश भर में धुंध माहौल बना हुआ है। मौसम की स्थितियां ऐसी बनी हुई हैं कि धुंध ना केवल सुबह बल्कि शाम को ही गिरना शुरू हो जाती है। 17 जनवरी तक मौसम में कोई परिवर्तन देखने को नहीं मिलेगा। ऐसे में संभव है कि लोगों को धुंध व ठंड दोनों एक साथ झेलनी पड़ेंगी।