ड्यूटी कर रहे चौकीदार की निर्मम हत्या, डंडा छीनकर पीट-पीटकर मार डाला
यमुनानगर में ड्यूटी कर रहे चौकीदार की हत्या कर दी गई। डंडा छीनकर उसे पीट पीटकर मार डाला गया। उसके सिर पर कई चोट के निशान हैं।
पानीपत/यमुनानगर, जेएनएन। यमुनानगर में लॉकडाउन के दौरान ड्यूटी कर रहे एक चौकीदार की निर्मम हत्या कर दी गई। आरोपितों ने डंडा छीनकर उसको पीट पीटकर मार डाला। सिर पर कई वार होने की वजह से चौकीदार की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
चूना भट्टी कॉलोनी में रात को ड्यूटी दे रहे 59 वर्षीय चौकीदार करण बहादुर की हत्या कर दी गई। कॉलोनी के ही सागर ने चौकीदार का डंडा लेकर उसके सिर पर वार किए जिससे वह नीचे गिर पड़ा। शोर सुनकर कॉलोनी के लोग एकत्र हुए और घायल चौकीदार को अस्पताल भिजवाया। वहां से उसे पीजीआइ रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। हत्या के पीछे लेनदेन का कारण बताया जा रहा है।
मृतक चौकीदार करण बहादुर मूल रूप से नेपाल के कैलाली जिला के कोबापुर लमकी चूहानगर का रहने वाला था। दो साल पहले वह यहां आया था और अकेला रहता था। मृतक का चचेरा भाई नन्हा राम जीएनजी कॉलेज में लाइब्रेरी अटेंडेंट है। उसने बताया कि करण बहादुर का परिवार नेपाल में रहता है। उसके पास तीन बच्चे हैं। दो साल से वह कॉलोनी में ही चौकीदारी कर रहा था।
आरोपित सागर पहले भी उसके साथ विवाद कर चुका है। रात भी करीब डेढ़ बजे करण बहादुर ड्यूटी कर रहा था। तभी सागर आया और उसके साथ गाली गलौज करने लगा। विरोध करने पर सागर ने उसका डंडा छीन लिया और सिर पर वार किए। आरोप है कि जब करण नीचे गिर गया, तो उसे नाली में फेंकने लगा, लेकिन शोर होने पर जाग हो गई और वह भाग निकला।
पुलिस प्रवक्ता चमकौर सिंह ने बताया कि आरोपित सागर पर हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। उनके बीच लेन देन का विवाद था। अरोपित सागर को बाड़ी माजरा पुल के पास से काबू कर लिया गया। आरोपित को बृहस्पतिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।