हरियाणा में महिला के घर पहुंचे एएसआई को ग्रामीणों ने घेरा, मारपीट के बाद कार में तोड़फोड़
इसराना के एक गांव में एक महिला के घर पहुंचे एएसआई को परिवार और ग्रामीणों ने घेर लिया, मारपीट की और कार में तोड़फोड़ की।
-1791219465044_m.webp)
हरियाणा में महिला के घर पहुंचे एएसआई पर हमला।
संवाद सहयोगी, इसराना। क्षेत्र के एक गांव में सोमवार को एक एएसआई के महिला के घर पहुंचने को लेकर हंगामा हो गया। महिला के परिवार को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने एएसआई को घेर लिया।
आसपास के ग्रामीण भी मौके पर एकत्र हो गए। आरोप है कि ग्रामीणों ने एएसआई के साथ मारपीट की और कार में तोड़फोड़ की। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल एएसआई को उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया।
मामले में महिला के परिवार की ओर से पुलिस अधिकारियों को लिखित शिकायत दी है। शिकायत में पारिवारिक विवाद से जुड़े गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने शिकायत को जांच में शामिल कर लिया है।
हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों की अभी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। ग्रामीणों के अनुसार सोमवार को एएसआई महिला के घर पहुंचा था। इसी दौरान एक बच्चे की नजर उस पर पड़ी और उसने परिवार के सदस्यों को इसकी जानकारी दी।
इसके बाद परिवार के लोग वहां पहुंच गए। कुछ ही देर में ग्रामीण भी एकत्र हो गए और विवाद बढ़ गया। इसी दौरान एएसआई के साथ मारपीट और कार में तोड़फोड़ की। इसराना थाना प्रभारी हरिराम ने बताया कि शिकायत नहीं मिली है। मामले की जांच की जा रही है।
