दिल्ली सीएम के समर्थन में ये समाज, भाजपा सरकार को इस तरह घेरा
हरियाणा में दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल के पहुंचने पर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जो किया उससे ये समाज काफी नाराज है। जानिए क्या है मामला।
पानीपत, जेएनएन। अग्रवाल वैश्य समाज ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के समर्थन में उतरकर लघु सचिवालय के सामने मुख्यमंत्री मनोहर लाल का पुतला फूंका। समाज के लोगों ने केजरीवाल के साथ पानीपत में किए दुव्यर्वहार की निंदा की।
दिल्ली के राज्यसभा सांसद सुशील गुप्ता खन्ना रोड स्थित निगम के निवर्तमान पार्षद सुरेंद्र गर्ग के कार्यालय पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल मूल रूप से हरियाणा के निवासी हैं। वे करनाल के बाल पबाना के ग्रामीणों की मांग पर डिस्पेंसरी देखने आए थे। प्रदेश के भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बाल पबाना गांव को चारों तरफ से घेर लिया। केजरीवाल पानीपत के सरकारी विश्राम गृह में मीडिया से बातचीत कर रहे थे तो भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष गजेंद्र सलूजा ने उनके साथ बदतमीजी की। यह सब मुख्यमंत्री मनोहर लाल के इशारे पर हुआ है। अग्रवाल समाज इसकी निंदा करता है।
अग्रवाल समाज का कर रही राजनीतिक प्रयोग
उन्होंने कहा कि भाजपा ने अग्रवाल समाज को मध्य प्रदेश चुनाव में 230 सीटों में से एक टिकट नहीं दिया। वहीं राजस्थान में तीन ही टिकट दी हैं। भाजपा सरकार अग्रवाल समाज का राजनीतिक प्रयोग कर रही है।
समाज की अनदेखी पड़ेगी भारी
समाज के जिला प्रधान एवं निवर्तमान पार्षद सुरेंद्र गर्ग ने कहा कि अग्रवाल समाज प्रदेश में अपना हक लेकर रहेगा। समाज उनकी अनदेखी करने वाली पार्टियों का विधानसभा और लोकसभा चुनाव में बहिष्कार करेगा। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष अमरनाथ गुप्ता, महिला सेल की उपाध्यक्ष एकता बंसल, जिलाध्यक्ष मंजू गुप्ता, अक्षय, तरसेम बंसल, राकेश अंसल और अंकित जैन मौजूद रहे।