Kaithal Coronavirus Update : कैथल में 27 कोरोना पॉजिटिव मिले, नगर परिषद के एक अधिकारी भी संक्रमित
कैथल में कोरोना संक्रमण के 27 केस सामने आए हैं। वहीं नगर परिषद के एक अधिकारी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। उन्हें घर पर आइसोलेट किया गया।
कैथल, जेएनएन। कोरोना महामारी के मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है। बुधवार को अब तक सबसे ज्यादा 27 कोरोना संक्रमित केस मिले हैं। चंदाना गेट से बैंक कालोनी की तरफ जाने वाली सड़क पर स्थित गैबी साहिब कालोनी में दस कोरोना संक्रमित केस आए हैं। इनमें एक साल बच्चा, नौ वर्षीय बच्चा और 13 वर्षीय किशोर सहित 53 वर्षीय महिला, 33 वर्षीय युवक, 25 साल की महिला सहित कुल दस पॉजिटिव केस आए हैं।
ये सभी एक दिन पहले पॉजिटिव आई सक्षम युवा टीम में काम करने वाली महिला के संपर्क में आने से हुए हैं। उक्त महिला स्वास्थ्य विभाग की तरफ से मलेरिया की जागरूकता को लेकर चलाए गए अभियान में सक्षम युवा टीम में काम करती है। दो दिन पहले ही रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। वहीं चंदाना गेट निवासी यश बैंक में काम करने वाले एक कर्मचारी के संपर्क में आने से एक युवक, महादेव कालोनी में 52 वर्षीय व्यक्ति की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।
वहीं पाई गांव में दो, महादेव कालोनी, सिरटा, दीवाल गांव में भी 13 साल के किशोर की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसी प्रकार 19 सेक्टर में रहने वाले शहर में नगर परिषद के एक 30 वर्षीय अधिकारी और हुडा सेक्टर 20 में रहने वाली एक दंत रोग विशेषज्ञ की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है, जो लुधियाना से लौटी थी। एक दिन में 27 संक्रमित मिलने का अब तक का यह सबसे बड़ा आंकड़ा है। इससे पहले 19 कोरोना संक्रमित केस एक दिन में मिले थे। मंगलवार को 14 और सोमवार को 21 कोरोना संक्रमित केस सामने आए थे। पिछले दिन दिनों में 60 से भी ज्यादा पॉजिटिव केस सामने आ चुके हैं।
सिविल सर्जन डा. जयभगवान जाटान ने बताया कि जिले में बुधवार को एक दिन में 27 केस सामने आए हैं। गैबी साहिब कालोनी में सबसे ज्यादा पॉजिटिव केस मिले हैं। इसके अलावा अन्य शहर की कालोनी और कई अन्य गांव में भी केस मिले हैं। जहां पॉजिटिव केस मिले हैं, वहां कंटेनमेंट जोन बनाया गया है। सभी संक्रमितों को आइसोलेट कर दिया है। अब कुल संक्रमित 415 हो गए हैं। अब तक 276 लोग स्वस्थ हुए हैं और 137 एक्टिव केस हैं।