पानीपत में महिलाओं के दो गुट भिड़े, फूटे सिर
पानीपत की मुखीजा कालोनी में आपसी रंजिश के चलते दो गुटों की महिलाएं आपस में भिड़ गई। मारपीट में एक महिला का सिर फूट गया।
पानीपत: मुखीजा कालोनी में आपसी रंजिश के चलते दो गुटों की महिलाएं आपस में भिड़ गई। मारपीट में एक महिला का सिर फूट गया तो वह इलाज के लिए सामान्य अस्पताल पहुंची। हालांकि मामले की शिकायत पुलिस को नहीं दी गई है। पीड़िता ने बताया कि उसकी कपड़ों की दुकान है। पड़ोसी महिला से उसकी लगभग आठ साल से दोस्ती है। छह माह पहले महिला को उसकी दोस्त ने मालिश करने के लिए कहा, लेकिन उसने मना कर दिया। इसी मनमुटाव से दोनों की दोस्ती टूट गई। आरोप है कि आरोपित महिला पहले भी उसे कई बदमाशों से धमकियां दिलवा चुकी है। शनिवार को वह स्कूटी पर अपनी एक जानकार के पास जा रही थी कि तभी आरोपित महिला ने साथियों संग मिलकर उसका रास्ता रोक लिया। लाठी-डंडों से मारपीट कर उसे घायल कर दिया। वहीं दूसरे पक्ष की महिला का कहना है कि झगड़े में महिला खुद गिरी तो उसके सिर में चोट आई। उसने भी हमला करने का आरोप लगाया।
बुलेट बाइक का 35 हजार का चालान काटा, इंपाउंड
जागरण संवाददाता, पानीपत : बुलेट बाइक पर पटाखे चलाना। ट्रिपल राइडिग करना। ट्रैफिक नियमों का पालन नहीं करना अब बेहद भारी पड़ने वाला है। पुलिस ने बड़े चालान काटने शुरू कर दिए हैं। शनिवार को दो बुलेट बाइकों के चालान किए गए हैं। एक पर 34 हजार 500 रुपये, दूसरी पर दस हजार का चालान किया। पहली बाइक को इंपाउंड कर दिया गया।ट्रैफिक पुलिस ने बुलेट चलाते तीन युवकों को पकड़ा। साइलेंसर से पटाखे बजाकर आवारागर्दी कर रहे थे। पुलिस ने इनसे कागज मांगे तो कुछ नहीं दिखा सके। मौके पर ही इनका चालान किया। साथ ही गाड़ी इंपाउंड कर ली। गाड़ी सौरभ चला रहा था। बाइक सुरेंद्र की है।
इस तरह हुआ चालान
आरसी : पांच हजार
लाइसेंस : पांच हजार
थर्ड पार्टी इंश्योरेंस : दो हजार
प्रदूषण : दस हजार
हेलमेट : एक हजार
ट्रिपल राइडिग : एक हजार
साइलेंसर : दस हजार
नंबर प्लेट : 500
बस स्टैंड के नजदीक कटा चालान
इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने ट्रैफिक नियमों का पालन नहीं करते हुए बुलेट बाइक चलाने वाले गौरव को बस स्टैंड के नजदीक पकड़ लिया। बुलेट से पटाखे बजा रहा था। दूसरों के लिए खतरा बना हुआ था। उस पर दस हजार का जुर्माना लगाया गया।