ट्रक से चोरी हो रहा था तेल, चालक ने विरोध किया तो कर दी गई हत्या Panipat News
यमुनानगर में ट्रक चालक की हत्या कर दी गई। आरोपित ट्रक से तेल चुरा रहे थे। इसी दौरान विवाद होने से चालक की हत्या कर दी।
पानीपत/यमुनानगर, जेएनएन। सहारनपुर रोड पर ट्रक के पास चालक कुरुक्षेत्र के बरोट गांव निवासी 28 वर्षीय गुरमीत की हत्या कर दी गई। उसका खून से लथपथ शव ट्रक के पास ही पड़ा मिला। ट्रक के पहियों व आसपास भी खून फैला हुआ था। पास में तेल की आधी कैन भी मिली। जिससे आशंका जताई जा रही है कि ट्रक से तेल चोरी करने का विरोध करने पर ही यह हत्या हुई है। घटनास्थल पर डीएसपी हेडक्वार्टर सुभाष चंद, शहर यमुनानगर थाना पुलिस व सीआइए वन की टीम भी पहुंची।
पश्चिमी यमुना नहर पुल के पास ही चाय की दुकान करने वाला सुनील कुमार सुबह करीब साढ़े पांच बजे पहुंचा, तो उसने ट्रक के पास शव पड़ा देखा। आसपास के लोगों को इस बारे में बताया, तो पुलिस को सूचना दी गई। शहर यमुनानगर थाना व हमीदा चौकी से पुलिस पहुंची। मृतक के पास से मोबाइल मिला। जिसके आधार पर ही उसकी पहचान हुई। मृतक गुरमीत के माथे पर वार किया गया था। जहां उसका शव पड़ा मिला, वहां भी आसपास खून फैला हुआ था। निशान भी बने हुए थे। जिसे देखकर ऐसा लग रहा था कि हत्यारों के साथ उसकी खूब लड़ाई हुई होगी।
पौंटा साहिब से माल डालकर आया था
हमीदा चौकी के कार्यवाहक इंचार्ज प्रमोद वालिया ने बताया कि यह ट्रक कुरुक्षेत्र के पीपली निवासी जयकुमार सैनी का है। गुरमीत इस पर चालक था। यह पौंटा साहिब में माल डालकर आया था। अब उसे जगाधरी से माल लेकर अहमदाबाद के लिए निकलना था। मृतक के परिवार के लोगों को भी बता दिया गया है।
नहर पुल के पास ट्रक कैसे पहुंचा
पुलिस की जांच में पता लगा कि चालक गुरमीत को ट्रक लेकर जगाधरी से माल लोड करना था। ऐसे में वह ट्रक लेकर सहारनपुर रोड पर पुल के पास कैसे पहुंचा। इसे लेकर सवाल उठ रहे हैं। ट्रक भी पुल के पास से नीचे उतरने वाले रास्ते पर खड़ा मिला। डीएसपी हेडक्वार्टर सुभाष चंद का कहना है कि शुरूआती जांच में ट्रक से तेल निकालने को लेकर घटना होने की बात सामने आई है। आगे जांच की जा रही है।