Lockdown 4.0 : Panipat में बाजारों का समय बढ़ा, अब आठ घंटे खोल सकेंगे दुकान
संयुक्त व्यापार मंडल की मांग पर लॉकडाउन में बाजारों का समय बढ़ाया गया। पहले छह घंटे खुलते थे अब आठ घंटे खुलेंगे।
पानीपत, जेएनएन। सुबह आठ से दो बजे तक खुलने वाले बाजारों का समय अब बढ़ा दिया गया है। अब सुबह नौ बजे से शाम पांच तक बाजार खुलेंगे। बाजार प्रधानों ने ही बाजार खोलने का समय बढ़ाने की मांग की थी। इसके लिए संयुक्त व्यापार मंडल के दोनों ही गुट सहमत थे। राजेश सुरी ग्रुप से कुछ सदस्यों ने लघु सचिवालय में डीसी हेमा शर्मा से मुलाकात की। सुरेश बवेजा ने बताया कि उन्होंने डीसी से कहा कि दुकानों का समय पांच बजे होना चाहिए। इस पर सहमति मिल गई। डीसी ने उनके ज्ञापन पर भी यह लिख दिया। उनके साथ अशोक सलूजा, कृष्ण अग्रवाल, इंदरजीत कथूरिया और अन्य बाजार प्रधान थे।
उधर, संयुक्त व्यापार मंडल के दूसरे ग्रुप के प्रधान सुनील अरोड़ा के नेतृत्व में बाजार के प्रधानों ने यही मांग रखी। बाजार प्रधान अनिल मदान ने कहा कि आठ से दो बजे तक दुकानें खोलने का समय होने के कारण दुकानदारों के साथ-साथ आने वाले ग्राहकों को भी परेशानी झेलनी पड़ती है। दुकानें अधिक समय तक खुलने से शारीरिक दूरी का मानक भी पूरा होता है।
आपके लिए ये जानना जरूरी है
1- सभी रेस्टोरेंट को खोलने का समय प्रतिदिन प्रात: 9 बजे से सांय 5 बजे तक रहेगा। ये रविवार को बंद रहेंगे। वहां पर बैठकर खाने की अनुमति नहीं होगी। रेस्टोरेंट मालिक होम डिलीवरी करवा सकते हैं।
2- सभी सैलून व ब्यूटी पार्लर की दुकानें अब तीन दिन सोमवार, बुधवार व शुक्रवार को प्रात: 9 बजे से सांय 5 बजे तक खोलने की ही अनुमति प्रदान की गई है। मंगलवार, बृहस्पतिवार, शनिवार व रविवार को ये दुकानें बंद रहेंगी।
3- जिन दुकानों का खोलने का समय पूर्व में प्रात: 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक किया गया था, अब उन दुकानों का समय प्रात: 9 बजे से शाम 5 बजे तक रहेगा।
4- ये दुकानें मंगलवार, बृहस्पतिवार व शनिवार को सड़क के दायीं ओर तथा सोमवार, बुधवार व शुक्रवार को सड़क के बायीं ओर खुलेंगी। रविवार को सभी दुकानें बंद रहेंगी।
5- प्रत्येक दुकानदार अपनी दुकान में ग्राहकों के बीच कम से कम 6 फीट की दूरी सुनिश्चित करेगा तथा पांच से ज्यादा ग्राहकों को दुकान के अंदर आने की अनुमति नहीं होगी।