मां से छेड़खानी, विरोध किया तो दरिंदे ने तीन साल की बच्ची से किया दुष्कर्म Panipat News
पानीपत में माता पिता के साथ फुटपाथ पर सो रही तीन साल की बच्ची से हैवानियत हुई। दरिंदे ने बच्ची का अपहरण करके दुष्कर्म किया।
पानीपत, जेएनएन। पानीपत में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। दरिंदे ने पहले दिव्यांग मां से छेड़खानी की। जब उसने विरोध किया तो उसकी तीन साल की बेटी का अपहरण कर लिया। दरिंदे ने रेलवे स्टेशन के साइकिल स्टैंड के पास बच्ची से हैवानियत की। बच्ची की मुंह दबाकर पैदल वहां ले गया था। तीन सीसीटीवी कैमरे में वारदात कैद हुई। वहीं पुलिस का भी एक अमानवीय चेहरा सामने आया। एक इंस्पेक्टर ने घटनास्थल पर बच्ची के कपड़े उतरवा कर देखे। पुलिस ने वारदात के 15 घंटे बाद उप्र के गोरखपुर के देवरिया गांव के नंद किशोर को गिरफ्तार कर लिया।
उत्तर प्रदेश के जिला बदायू के एक गांव व्यक्ति तीन साल की इकलौती बेटी और दिव्यांग पत्नी के साथ कुछ सालों से पानीपत में रह रहा है। उसकी पांच बेटियों और एक बेटे की मौत हो चुकी है। बच्ची के पिता ने बताया कि परिवार रेलवे स्टेशन पर भीख मांग कर गुजारा करता है। रात में फुटपाथ पर ही सो जाते हैं। चार दिन पहले ही गांव से आए थे। रात को गुरुद्वारा पहली पातशाही से खाना खाकर पत्नी व बेटी के साथ फुटपाथ पर सो गया था।
सुबह देखा तो बेटी नहीं थी
बच्ची के पिता ने बताया कि सवा पांच बजे जगा तो बेटी नहीं थी। इसके बाद वह लालबत्ती और पत्नी रेलवे स्टेशन की तरफ बेटी को ढूंढने निकल गई। रेलवे स्टेशन के पास दो लोगों ने बेटी को रोते हुए देखा। तब तक पत्नी भी वहां पहुंच चुकी थी।
जख्म ज्यादा, पीजीआइ रेफर
बेटी के शरीर से खून बह रहा था। पत्नी बेटी को लेकर फुटपाथ पर पहुंची और राहगीर ने एसपी सुमित कुमार को सूचना दी। डीएसपी मुख्यालय सतीश कुमार वत्स पीडि़त बच्ची को सामान्य अस्पताल ले गए। डॉ. शशिलता और डॉ. सुखदीप ने बच्ची का इलाज किया। संवेदनशील अंग में जख्म ज्यादा होने के कारण ज्यादा खून बह रहा था। उसे पीजीआइ रोहतक रेफर कर दिया। वहां पर बच्ची का ऑपरेशन किया जाएगा।
छेड़खानी की तो भगाया
बच्ची की मां ने बताया कि आरोपित वहां आया और छेड़खानी करने लगा। डंडा लेकर उसे वहां से भगाया। इसके बाद फिर सो गए। उसी ने बच्ची के साथ हैवानियत की।
पुलिस को देख रेल लाइन पर गिरा आरोपित, गिरफ्तार
सीआइए की तीन और थाना शहर प्रभारी इंस्पेक्टर मोहनलाल की एक टीम सहित 85 पुलिसकर्मी दुष्कर्म के आरोपित की तलाश कर रहे थे। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की तस्वीर लोगों को दिखाई। तब पता चला कि नंद किशोर नशे का आदी है। इंस्पेक्टर मोहनलाल और सीआइए की टीम रात 8:30 बजे जाटल रोड ओवरब्रिज की तरफ पहुंची। उन्हें देख नंद किशोर भागने लगा तो पटरी पर गिर गया। उसे बृहस्पतिवार को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।
पुलिस कराएगी बच्ची का इलाज : सुमित
एसपी सुमित कुमार ने कहा कि मामला डीजीपी मनोज यादव के संज्ञान में आया। उन्होंने बच्ची के इलाज पर खर्च होने वाली पूरी राशि हरियाणा पुलिस की ओर से वहन करने का आदेश दिया है। पीजीआइ रोहतक में बच्ची का इलाज चल रहा है। बच्ची की निगरानी के लिए पीजीआइ में महिला एएसआइ की ड्यूटी लगाई है। दुष्कर्म के आरोपित को पकडऩे वाले इंस्पेक्टर मोहनलाल और उनकी टीम को सम्मानित किया जाएगा।