दंपती विवाद मामले में सुनवाई कर रही महिला वकील पर तेजाब फेंकने की धमकी Panipat News
यमुनानगर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सदस्य महिला वकील पर तेजाब फेंकने की धमकी दी गई है।
पानीपत/यमुनानगर, जेएनएन। दंपती के बीच विवाद के मामले में सुनवाई कर रही जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सदस्य अधिवक्ता मीनाक्षी कश्यप को धमकी दी गई है। आरोप महिला पक्ष पर लगा है। आरोप है कि महिला के साथ आए उसके जानकार उत्तर प्रदेश के देवबंद के सोनू और अन्य ने उस पर तेजाब डालने और जान से मारने की धमकी दी। अधिवक्ता का बस स्टैंड तक कार से पीछा भी किया गया।
मीनाक्षी कश्यप के पास कलानौर के एक दंपती का विवाद पहुंचा था। इस केस में पहली सुनवाई थी। उसमें महिला के साथ चार-पांच लोग आए हुए थे। दूसरे पक्ष से पति और अन्य लोग थे। आरोप है कि महिला के साथ आए सोनू आदि ने कहा कि वह इसकी दूसरी शादी करना चाहते हैं, इसलिए यह केस कैंसिल कर दो। जिस पर मीनाक्षी ने कहा कि बिना तलाक के दूसरी शादी नहीं हो सकती। इसमें सुनवाई होगी। कोशिश है कि दोनों पक्षों के बीच समझौता हो जाए।
इस पर सोनू और एक महिला और चार-पांच युवक भड़क गए और जोर-जोर से बोलने लगे। आरोप है कि सोनू ने तेजाब फेंकने की भी धमकी दी। इसके बाद वह महिला को लेकर चले गए। शाम को जब मीनाक्षी घर जाने लगी, तब भी आरोपितों ने कार से उसका पीछा किया। जगाधरी शहर थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि एडवोकेट की शिकायत मिली थी। आरोपितों पर केस दर्ज किया गया है।