पत्नी के थे अवैध संबंध, अश्लील Video Viral हुआ तो पति ने दे दी जान Panipat News
पत्नी के अवैध संबंधों से आहत होकर पति ने जहर खाकर जान दे दी। मृतक की पत्नी व दो अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
पानीपत/यमुनानगर, जेएनएन। पत्नी के अवैध संबंध से आहत पति ने मौत को गले लगा लिया। जहरीला पदार्थ निगल कर युवक भाई के घर पहुंचा। इसके बाद उसकी मौत हो गई। जांच में सुसाइड नोट मिला। इसमें मां से माफी मांगी और पत्नी के अवैध संबंधों की बात लिखी। आरोप है कि पत्नी का अश्लील वीडियो देखने के बाद से युवक परेशान था। पुलिस ने मृतक की पत्नी सहित दो अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पत्नी के अवैध संबंधों से आहत होकर कल्याणनगर निवासी 43 वर्षीय एक व्यक्ति ने रविवार को जहरीला पदार्थ निगल लिया। जहर निगलने के बाद वह भाई के घर पहुंचा। उसकी हालत बिगडऩे पर परिवार ने उसको निजी अस्पताल में दाखिल कराया। जहां से उसे पीजीआइ रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान बुधवार तड़के करीब चार बजे उसकी मौत हो गई।
थाने में हंगामा
मौत से गुस्साए परिजनों ने थाने में हंगामा किया। मृतक के पास से तीन पेज का सुसाइड नोट भी बरामद हुआ। जिसमें पत्नी व दो अन्य का नाम लिखा था। वहीं मृतक की पत्नी का कहना है कि उसका पति के साथ कोई विवाद नहीं था। सुसाइड नोट उनके पति की राइटिंग में नहीं है। शाम को उन्हें फोन कर दूध लाने के लिए कहा था। इसके बाद वह नहीं आए।
तीन पेज का लिखा सुसाइड नोट
मृतक के की ओर से पुलिस को तीन पेज का सुसाइड नोट दिया गया है। जिसमें लिखा है कि मम्मी जी मैनू माफ कर दो। मैं दीवाली से 20 दिन पहले से ही बड़ा परेशान हूं। दीवाली से 15 दिन पहले उसकी पत्नी ने उसे बताया था कि उसका किसी के साथ अफेयर चल रहा है। इसकी एक व्यक्ति ने अश्लील वीडियो भी बनाई।
मां को जाना था हुजूर साहिब
मृतक एक फैक्ट्री में नौकरी करता था। रविवार शाम करीब साढ़े सात बजे वह अपने भाई के घर पर पहुंचा। वहां उसकी मां हुजूर साहिब जाने की तैयारी कर रही थी। तभी उसने अपनी मां को सारी बात बताई और कहा कि उसने जहर खा लिया है। उसकी जेब से भी जहरीले पदार्थ का पैकेट परिजनों को मिला है।
जगाधरी शहर थाना प्रभारी दिनेश चौहान ने बताया कि सुसाइड नोट के आधार पर मृतक की पत्नी व दो अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।