अल्ट्रासाउंड कक्ष से गर्भवती को दिया धक्का, हंगामा
सिविल अस्पताल के रेडियोलॉजी विभाग स्थित अल्ट्रासाउंड कक्ष में एक गर्भवती को धक्का दिए जाने से महिलाओं ने हंगामा कर दिया। करीब चार घंटे इंतजार के बावजूद अल्ट्रासाउंड नहीं होने पर पहले से महिलाएं और पुरुष तीमारदार नाराज रहे।
जागरण संवाददाता, पानीपत : सिविल अस्पताल के रेडियोलॉजी विभाग स्थित अल्ट्रासाउंड कक्ष में एक गर्भवती को धक्का दे दिया गया। इससे आक्रोशित हो महिलाओं ने हंगामा कर दिया। करीब चार घंटे इंतजार के बावजूद अल्ट्रासाउंड नहीं होने पर पहले से महिलाएं और पुरुष तीमारदार नाराज रहे।
अल्ट्रासाउंड कक्ष में रेडियोलॉजिस्ट डॉ. राजीव मान और अन्य स्टाफ कक्ष में बैठे कामकाज निपटा रहे थे। कक्ष के बाहर करीब 15 से अधिक गर्भवती महिलाएं अपनी बारी के इंतजार में बैठी हुई थी। कक्ष के बाहर लगी डिजिटल स्क्रीन पर सभी की निगाहें लगी थी। दोपहर करीब डेढ़ बजे तक करीब 18 महिलाओं का ही अल्ट्रासाउंड हुआ। एक अल्ट्रासाउंड के करीब दो घंटे का समय लगने से महिलाओं ने हंगामा शुरू कर दिया। स्टाफ ने समय खत्म होने की बात कहकर दरवाजा बंद करने की कोशिश की तो बाहर बैठी महिलाओं ने विरोध किया। इसी आपाधापी के दौरान एक कर्मचारी ने विद्यानंद कॉलोनी निवासी गर्भवती गरिमा को धक्का दे दिया, वह गिरते-गिरते बची। महिलाओं और पुरुष तीमारदारों ने डॉक्टरों और स्टाफ को खरी-खोटी सुनाते हुए, अपनी परेशानी बतायी। मौके पर पहुंची महिला गार्डों ने मामला शांत कराया। सेक्टर 12 वासी रोमा ने बताया कि वह अल्ट्रासाउंड के लिए दो दिन से अस्पताल पहुंच रही है, नंबर नहीं आया। हालांकि बुधवार को करीब 35 महिलाओं के अल्ट्रासाउंड हुए,इसके बावजूद 12 गर्भवती महिलाएं निराश लौटी। रेडियोलॉजिस्ट डॉ. मान ने बताया कि एक क्रिटिकल केस आ गया था। सर्जन सहित दो डॉक्टरों को बुलाना पड़ा। इस कारण कुछ महिलाओं को इंतजार करना पड़ा।