टेंपो चालक को बंधक बनाकर बेहोश होने तक डंडों से पीटा, सूचना के ढाई घंटे बाद पहुंची पुलिस
रिसालू गांव में नाली के विवाद में पड़ोसियों ने टेंपो चालक को घर में बंधक बनाकर ढाई घंटे बेहोश होने तक पीटा।
जागरण संवाददाता, पानीपत : रिसालू गांव में नाली के विवाद में पड़ोसियों ने टेंपो चालक को घर में बंधक बनाकर ढाई घंटे बेहोश होने तक पीटा। आरोपितों ने उसकी पत्नी की भी डंडों से पिटाई की। पुलिस सूचना देने के ढाई घंटे बाद पहुंची।
टेंपो चालक रिसालू गांव के मोनू ने बताया कि एक महीना पहले पड़ोसी साहब सिंह ने नाली में ईट अड़ा दी थी। इससे पानी उनके पिता धर्मवीर के घर के पास जमा हो गया। विवाद होने पर उसने बीच-बचाव कर दिया था। इस वजह से साहब सिंह उससे रंजिश रखता था। 13 अप्रैल को सुबह साहब सिंह ने उसे आवाज देकर बाहर बुलाया। गली में पहुंचा तो साहब सिंह, उसके बेटे नितिश व टीटू ने डंडों से कमर पर वार कर दिया। इससे वह जमीन पर गिरा। शोर सुनकर उसकी पत्नी गीता मौके पर आई तो उसे भी पीटा। आरोपित उसे खींचकर घर के अंदर ले गए। गेट बंद कर लिया। अंदर पोल (थांब) में रस्सी से बांध दिया। साहब ने पत्नी तेजो देवी, बेटी रवीना और दोनों बेटों के साथ मिलकर गंड़ासी व डंडों से उसे तब तक पीटा जब तक वह बेहोश न हो गया। उसके भाई नरेंद्र ने पुलिस कंट्रोल रूप व थाने में 12 कॉल की। इसके ढाई घंटे बाद थाना चांदनी बाग पुलिस और सरपंच पति नरेश कुमार मौके पर पहुंचे। आरोपितों ने कहा कि अब तो पुलिस ने बचा लिया है। आगे उसे जान से मारन देंगे। पुलिस ने उसे आरोपितों के चंगुल से छुड़ाया। परिजनों ने उसे सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया। उसके शरीर पर छह चोटें लगी हैं। रीड में ज्यादा चोट है।
वहीं, थाना चांदनी बाग प्रभारी संदीप कुमार का कहना है कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। आरोपित साहब सिंह सहित पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।