विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भीषण गर्मी के बाद बरसे बादल, पानीपत में 25 मिनट की झमाझम बारिश से लुढ़का पारा

Published: Thu, 07 May 2026 03:13 PM (IST)

पानीपत में दिनभर की भीषण गर्मी के बाद रात में आंधी और बारिश ने लोगों को राहत दी।

भीषण गर्मी के बाद बरसे बादल (फोटो: जागरण)

भीषण गर्मी के बाद बरसे बादल (फोटो: जागरण)

HighLights

  1. दिनभर भीषण गर्मी के बाद रात को मौसम बदला।

  2. तेज आंधी और 25 मिनट की बारिश से राहत मिली।

  3. वर्षा के कारण तापमान गिरा, बिजली आपूर्ति बाधित हुई।

जागरण संवाददाता, पानीपत। जिले में मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। बुधवार को जहां दिनभर सूरज के तीखे तेवरों ने लोगों को भीषण गर्मी का अहसास कराया, वहीं रात के समय आई आंधी और बारिश ने मौसम को एकदम बदल दिया।

करीब साढ़े 9 बजे मौसम ने अचानक करवट ली और तेज धूल भरी आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। लगभग 25 मिनट तक हुई इस वर्षा से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और उमस भरी गर्मी से जूझ रहे जिलावासियों को राहत मिली।

दिनभर कड़कती धूप, दोपहर में छाए बादल

बुधवार सुबह से ही सूर्य देव के तेवर कड़े नजर आए। कड़कती धूप के कारण लोग पसीने से तर-बतर रहे। दोपहर के समय आसमान में कुछ देर के लिए बादलों ने डेरा डाला, जिससे लगा कि राहत मिलेगी, लेकिन थोड़ी देर बाद फिर से धूप निकल आई। शाम तक गर्मी का असर बना रहा। हालांकि रात होते-होते ठंडी हवा चलने लगीं और साढ़े नौ बजे के करीब तेज आंधी के साथ झमाझम वर्षा शुरू हो गई।

वर्षा के साथ ही बत्ती गुल

तेज आंधी और बारिश का असर जिले की बिजली आपूर्ति पर पड़ा। हवा चलते ही सुरक्षा की दृष्टि से कई फीडरों की सप्लाई काट दी गई, वहीं कुछ स्थानों पर पेड़ों की टहनियां गिरने से फाल्ट आ गए। बिजली व्यवस्था को सुचारू करने के लिए निगम के कर्मचारी देर रात तक मशक्कत करते रहे।

कई इलाकों में घंटों बाद आपूर्ति बहाल हो सकी। वहीं मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को जिले का अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश के बाद न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। वहीं, वायु गुणवत्ता सूचकांक 188 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है।