भाजपा-जजपा प्रत्याशी को कार्यकर्ताओं के प्रयास से मिले 50 हजार से अधिक मत: दुष्यंत चौटाला
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने पानीपत प्रवास के दौरान मीडिया से बातचीत में कहा कि बरोदा उपचुनाव में भाजपा-जजपा गठबंधन के कार्यकर्ताओं की बदौलत योगेश्वर दत्त को 50 हजार से अधिक मत मिले हैं। हालांकि उम्मीद से लगभग 10 हजार कम मत मिले हैं। इसे गठबंधन प्रत्याशी की हार नहीं कहा जा सकता है।
जागरण संवाददाता, पानीपत: प्रदेश के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने पानीपत प्रवास के दौरान मीडिया से बातचीत में कहा कि बरोदा उपचुनाव में भाजपा-जजपा गठबंधन के कार्यकर्ताओं की बदौलत योगेश्वर दत्त को 50 हजार से अधिक मत मिले हैं। हालांकि उम्मीद से लगभग 10 हजार कम मत मिले हैं। इसे गठबंधन प्रत्याशी की हार नहीं कहा जा सकता है। कांग्रेस के पास ये सीट पहले थी, इसलिए कांग्रेस के पास दोबारा जाना बड़ी बात नहीं है। वे युमना एनक्लेव में परिचित के घर आए थे।
पूर्व सांसद दीपेंद्र हुडा के राजनीतिक गणित को गलत बताते हुए दुष्यंत चौटाला ने आगामी चुनावों में इसका आभास कराने का दावा किया। बरौदा हलका वर्ष 1977 से लेकर 2009 तक पूर्व उप प्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल और उनके परिवार का गढ़ रहा है। 2009 के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुडा इस हलके में अपनी पैठ बनाने में कामयाब हुए। कांग्रेस के श्रीकृष्ण हुडा तीन बार विधायक बने थे।
उन्होंने तंज कसा कि बरोदा वही हलका है, जिसकी जनता ने कभी कांग्रेस प्रत्याशियों की जमानत तक जब्त करा दी थी। कपूर नरवाल की मेहनत का फल इंदुराज नरवाल को मिल गया है। एक सवाल के जवाब में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा के लोकल युवाओं को प्राइवेट उद्योगों में 75 प्रतिशत रोजगार मिलेगा। इससे युवाओं को रोजगार की कमी नहीं रहेगी और उद्योगों को भी बढ़ावा मिलेगा। इस मौके पर जजपा नेता सुरेश मित्तल, देवेंद्र कादियान, गौतम सिगला, शोभित सिगला, शेर सिंह खर्ब, रामलाल गोयल, बीपी गुप्ता और मनोहर गुप्ता मौजूद रहे।