शूर्पनखा की नाक काटनी थी, स्टेज पर बंदूक लेकर नाचने लगे डांसर, दर्ज हो गया केस
पानीपत के तहसील कैंप की रामलीला का वाकया। कलयुग की रामलीला के नाम से वीडियो वायरल हुआ तो एएसआइ ने ही दर्ज कराया केस। दीपक और पूर्ण के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। 21 मिनट के वीडियो में हथियार लहरते हुए दिखे।
पानीपत, जेएनएन। रामलीला का मंचन हो रहा था। दृश्य होना था शूर्पनखा की नाक काटने का। इससे पहले कि ये मंचन होता, स्टेज पर डांस प्रोग्राम शुरू हो गया। दो युवक पिस्तौल लहराते हुए नाचने लगे। वीडियो इतना वायरल हुआ कि पुलिस तक पहुंच गया। एएसआइ की शिकायत पर तहसील कैंप के ही दीपक और पूर्ण के खिलाफ केस दर्ज किया है।
तहसील कैंप के फतेहपुरी चौक स्थित आर्दश रामलीला कमेटी की रामलीला का कलयुग की रामलीला से एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसमें एक युवक दोनाली बंदूक और दूसरा युवक पिस्टल से हवाई फायरिंग करते हुए दो महिला डांसरों के साथ फिल्मी गानों की धुन पर ठुमके लगाते नजर आ रहे हैं। शान से फोटो भी खींचा रहे हैं।
डांस का मजा लो
21.:06 मिनट की इस वीडियो में हथियारबंद युवकों के आसपास महिला, बच्चे व काफी लोग खड़े दिखाई दे रहे हैं। हथियार लहराने के कई बार अफता-तफरी भी मची। मंच संचालक ने लोगों को डांस का मजा लेने की बात कहकर बैठा दिया। पुलिस ने आरोपित युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
गश्त के समय पहुंचा वीडियो
तहसील कैंप चौकी के हवलदार सुनील कुमार ने पुलिस को शिकायत दी कि वह इब्राहिम लोधी पार्क तहसील कैंप के पास इएसआइ बलवान के साथ गश्त पर था। इसी दौरान वीरवार रात का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। ये वी़डियो फतेहपुरी चौक की आदर्श रामलीला कमेटी की रामलीला का था। इसमें फिल्मी गांनों की धुन पर स्टेज पर दो महिलाएं फैंसी ड्रेस पहनकर नांच रही है। थाना शहर प्रभारी योगेश कुमार ने बताया कि दोनों युवकों के खिलाफ मामला दर्ज करके तलाश शुरू कर दी है।