न्यूजीलैंड भेजने के बजाय भेजा थाईलैंड, अब घर नहीं पहुंच रही कुरुक्षेत्र की युवतियां
न्यूजीलैंड भेजने के बजाए तीन युवतियों को थाईलैंड भेज दिया। अब फ्लाइट बंद होने के चलते तीनों युवतियां थाईलैंड में फंसी हुई हैं। स्वजन उन्हें यहां से खर्च भेज रहे हैं। स्वजन उनकी वापस आने की आस लगाए हुए हैं। स्वजनों ने शहर थाना पुलिस में केस दर्ज करवाया है
कुरुक्षेत्र, जेएनएन। न्यूजीलैंड भेजने के बजाए तीन युवतियों को थाईलैंड भेज दिया। अब फ्लाइट बंद होने के चलते तीनों युवतियां थाईलैंड में फंसी हुई हैं। स्वजन उन्हें यहां से खर्च भेज रहे हैं। स्वजन उनकी वापस आने की आस लगाए हुए हैं। स्वजनों ने शहर थाना पुलिस में विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी करने के आरोप में दो महिलाओं सहित तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपितों ने उनसे 14.10 लाख रुपये ठगे थे। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पिपली निवासी कैलाश ने शहर थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि वह अपनी भतीजियों को स्टडी वीजा पर न्यूजीलैंड भेजना चाहते थे। उसकी भतीजी की मुलाकात नए बस अड्डे के सामने एक ऑफिस में सेक्टर पांच निवासी सुनील कुमार, उसकी पत्नी चरणजीत व कर्णजीत से हुई। आरोपितों ने झांसा दिया कि वे तीनों को न्यूजीलैंड की यूनिवर्सिटी में एडमिशन दिलवा देंगे, उन्हें वहां पर काम भी दिलवा दिया जाएगा। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपितों ने उनसे शुरू में साढ़े तीन-तीन लाख रुपये लिए और कहा कि जल्द ही
उनका न्यूजीलैंड का वीजा लग जाएगा। शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपितों ने उसकी एक भतीजी को एक जनवरी को थाईलैंड भेज दिया था। आरोपित महिला उसके साथ दिल्ली भी गई थी। दो भतीजियों को दो फरवरी को थाईलैंड भेजा। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपितों ने 28 दिसंबर 2019 से 20 अगस्त के बीच उनसे 14 लाख 10 हजार रुपये ले लिए।
आरोपितों ने उन्हें झांसा दिया कि थाईलैंड से उन्हें न्यूजीलैंड भेजा जाएगा, मगर सात माह बीत जाने के बाद भी तीनों न्यूजीलैंड नहीं पहुंची। इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने मामले में लेन-देन की जांच पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा से कराई। आर्थिक अपराध शाखा की जांच के बाद शहर थाना पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश आरंभ कर दी है।
थाईलैंड में भेज रहे हैं यहां से खर्च
शिकायतकर्ता का कहना है कि उनकी तीनों बच्चियां इस समय थाईलैंड में रह रही हैं। यहां से वे उन्हें खर्च भेज रहे हैं। जिससे वे अपना गुजारा चला रही है। फ्लाइट बंद होने के कारण वे उन्हें वापस भारत भी नहीं बुला पा रहे हैं।
पुलिस कर रही है जांच : रणधीर
जांच अधिकारी रणधीर का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने शिकायतकर्ता से दस्तावेज मांगे हैं।