पानीपत में चेन स्नेचर्स का आतंक, एक दिन में दो चेन स्नेचिंग की वारदात
पानीपत में चेन स्नेचिंग की वारदात हुई। एक दिन में दो चेन स्नेचिंग हुई। एक ढाई बजे तो दूसरी छह बजे के करीब की घटना है। बदमाशों ने अपाचे बाइक से दी दोनों वारदातओं को अंजाम दिया है। दोनों स्नेचिंग महिलाओं से की गई।
पानीपत, जागरण संवाददाता। पानीपत में चेन स्नेचिंग की वारदात कम नहीं हो रही हैं। एक के बाद एक वारदात को अंजाम दिया जा रहा है। एक दिन में दो अलग अलग जगहों पर गले से चेन स्नेचिंग की वारदातों से महिलाओं में दहशत है। दोपहर बाद दो बजे के करीब बदमाशों ने भाई लालो गुरुद्वारे के पास निजी स्कूल की शिक्षिका सुरेश कुमारी की चेन झपटी तो शाम में महिला रामेश्वरी साने की। दोनों ही झपटमारी में स्नेचर को चेन के आधे टुकड़े हाथ लगे। शेष भाग महिलाओं के हाथों में रह गए।
पुलिस को दी शिकायत में रामेश्वरी साने पत्नी विनोद साने ने बताया कि वह मूलरूप से न्युबीन खापरखेङा, जिला नागपुर महाराष्ट्र की रहने वाली है। फिलहाल पानीपत के न्यू हाउसिंग बोर्ड कालोनी में परिवार के साथ रहती है। बृहस्पतिवार की शाम करीब 5.50 बजे वह भीमगौड़ा चौक से साईंबाबा चौक के तरफ पैदल जा रही थी।
मिट्ठन स्वीट्स के नजदीक पहुंची तो सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल पर एक और दूसरे पैदल, दो युवक पीछे-पीछे आते दिखाई दिए। पैदल चल रहे युवक ने अचानक उसके गले से चेन झपटी और दूसरे युवक की बाइक पर बैठकर भाग गए। चेन का आधा हिस्सा जहां बदमाश ले गया वहीं आधा महिला के हाथों में रह गया। महिला की शोर सुनकर आसपास के लोग वहां जमा हो गए। तब तक बदमाश भाग गए। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने नाकाबंदी भी की लेकिन आरोपित पकड़ में नहीं आया। उसने कहा कि उसकी चेन सवा तौले की थी।
25 से 30 की उम्र के थे युवक
महिला के अनुसार दोनों युवक 25 से 30 साल के बीच के थे। एक ने सैंडल पहन रखी थी तो दूसरे के पैर में जुते थे। उसने कहा कि वह चेन को हाथ से नहीं पकड़ती तो बदमाश पूरी चेन तोड़कर ले जाते। पुलिस मुकदमा दर्ज कर दोनों मामलों की छानबीन कर रही है।