किरायेदार ने धोखाधड़ी से करवा ली रजिस्ट्री
किशनपुरा में खन्ना रोड निवासी एक विधवा के मकान की किरायेदार ने शुरुआती जमीन के मालिक के बेटे के साथ मिलकर धोखाधड़ी कर रजिस्ट्री अपने नाम करवा ली। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
जागरण संवाददाता, पानीपत : किशनपुरा में खन्ना रोड निवासी एक विधवा के मकान की किरायेदार ने शुरुआती जमीन के मालिक के बेटे के साथ मिलकर धोखाधड़ी कर रजिस्ट्री अपने नाम करवा ली। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
किशनपुरा की पुष्पा पत्नी स्व. गोपी चंद ने एसपी शशांक कुमार सावन को शिकायत दी कि उसका खन्ना रोड पर 100 गज का मकान है। ये मकान 1981 से उनके ससुर मूलचंद के नाम था। बाद में उसके व बच्चों के नाम हो गया। ये मकान उसने जननायक जनता पार्टी की युवा अध्यक्ष रविद्र मीणा को बेच रखा है।
उसने बताया कि 2017 में दुकान महीपाल नामक व्यक्ति को किराये पर दी थी। पहली मंजिल पर उसका मकान है। कुछ महीने बाद महीपाल ने किराया देना बंद कर दिया और कहने लगा कि मकान की रजिस्ट्री अभिषेक खन्ना ने उसके नाम करवा दी है। किशनपुरा कालोनी की जमीन अभिषेक खन्ना के पूर्वजों की है। ये जमीन उन्होंने विक्रय कर रखी है। इस जमीन पर प्लाट काटे गए थे। कुछ बचत की जमीन यानी गली व गड्ढे अभिषेक के नाम हैं। इन्हें विक्रय नहीं किया जा सकता।
शिकायत में उन्होंने कहा कि आरोपित ने पैसों के लालच में गरीब लोगों की मकानों की रजिस्ट्री बदमाश किस्म के लोगों के नाम करवा दी है। कई लोगों के साथ धोखा हो चुका है। उनकी भी जमीन की धोखाधड़ी से रजिस्ट्री महीपाल के नाम करवा दी है। इस मामले की जांच स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने की थी। किशनपुरा चौकी पुलिस ने उक्त दोनों आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।