पानीपत में किशोर को नंगा कर पीटा, दो आरोपी गिरफ्तार; फेसबुक पर कमेंट करने पर हुआ था विवाद
पानीपत में फेसबुक पर कमेंट को लेकर हुए विवाद में एक 12 वर्षीय किशोर को नंगा कर पीटा गया और उसका वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया गया।

किशोर को नंगा कर पीटने का आरोप, दो गिरफ्तार।
HighLights
फेसबुक कमेंट विवाद में किशोर को नंगा कर पीटा गया।
खुद को सीआईए बताकर युवकों ने की मारपीट, वीडियो बनाया।
पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जागरण संवाददाता, पानीपत। शहर में फेसबुक पर फोटो या आईडी पर कमेंट करने को लेकर हुए विवाद में 12 वर्षीय किशोर को नंगा कर पीटने का मामला सामने आया है। स्वजन का आरोप है कि कुछ युवक खुद को क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (सीआईए) का सदस्य बताकर किशोर के बड़े भाई से उसकी लोकेशन लेने के बाद घर पहुंचे।
आरोप है कि घर में घुसकर किशोर के कपड़े उतरवाए गए, उसके साथ मारपीट की गई और हाथ जुड़वाकर माफी मंगवाने का वीडियो बनाया गया। बाद में यह वीडियो किशोर की इंस्टाग्राम आईडी पर पोस्ट कर दिया गया। डीएसपी प्रणय कुमार ने बताया कि मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।
स्वजन के अनुसार पांच सितंबर को फेसबुक पर कमेंट को लेकर किशोर की कुछ युवकों से कहासुनी हुई थी। इसके बाद एक अनजान नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को सीआईए का सदस्य बताते हुए किशोर की लोकेशन मांगी। परिवार के मुताबिक, दबाव बनाए जाने पर लोकेशन भेज दी गई। इसके बाद तीन लोग घर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने किशोर के साथ मारपीट शुरू कर दी।
परिवार के सदस्यों ने रोकने का प्रयास किया तो उन्हें भी धमकाया गया। किशोर का आरोप है कि उसे एक कमरे में ले जाकर कुंडी बंद कर दी गई और करीब ढाई से तीन घंटे तक पीटा गया। इस दौरान उससे फेसबुक पर फोटो की स्टोरी डालने को लेकर सवाल किए गए। किशोर ने अपनी आईडी हैक होने की बात कही।
स्वजन का आरोप है कि मारपीट के दौरान दो लोग किशोर को पीटते रहे, जबकि तीसरा वीडियो बनाता रहा। स्वजन ने आरोप लगाया कि घटना के बाद थाने में शिकायत लेकर पहुंचे तो उनकी सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक से शिकायत की गई। अब पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
