छात्रा के पेट दर्द होने पर हुआ बड़ा खुलासा, Teacher Extra Class में करता था दुष्कर्म
सरकारी स्कूल का शिक्षक स्कूल में अतिरिक्त क्लास (Extra Class) लगाकर एक छात्रा का यौनशोषण करता रहा। छात्रा ने जब इसका विरोध किया तो वह धमकी देता था।
जेएनएन, पानीपत। सरकारी स्कूल का शिक्षक स्कूल में अतिरिक्त क्लास (Extra Class) लगाकर एक छात्रा का यौनशोषण करता रहा। छात्रा ने जब इसका विरोध किया तो वह धमकी देता था। छात्रा से दुष्कर्म का पता तब चला जब उसके पेट में दर्द हुआ। परिजन उसे अस्पताल ले गए तो पता चला कि वह सात माह की गर्भवती है। घटना सेक्टर-29 थाना क्षेत्र के एक गांव के सरकारी स्कूल की है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। आरोपित फरार है।
छात्रा के मुताबिक वह सरकारी स्कूल में 11वीं में पढ़ती है। करीब आठ महीने पहले स्कूल के ही 25 वर्षीय शिक्षक ने स्कूल में उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपित छुट्टी के बाद स्कूल में अतिरिक्त कक्षा लगाता था। उसके साथ दो अन्य छात्राएं भी इस कक्षा में आती थी। घटना के दिन जब वह दोनों पानी पीने गई तो आरोपित उसे दूसरे कमरे में ले गया और दुष्कर्म किया।
इसके बाद आरोपित ने धमकी देकर कई बार दुष्कर्म किया। कुछ दिन पहले पेट में दर्द होने पर मां को बताया। परिजन डॉक्टर के पास ले गए तो पता चला कि वह सात महीने की गभर्वती है। पीड़िता की बाल कल्याण समिति से काउंसिलिंग कराई गई है।
सेक्टर-29 थाना प्रभारी योगेश कुमार ने बताया कि आरोपित शिक्षक अविवाहित है। पोक्सो एक्ट सहित कई धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए उसके घर पर दबिश दी गई, पर वह नहीं मिला। जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।