पानीपत में पत्नी को छोड़ लिव-इन में रह रहे टूर एंड ट्रैवल कारोबारी की संदिग्ध मौत, गर्लफ्रेंड पर जहर देना का आरोप
पानीपत के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में 33 वर्षीय लोकेश की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। परिजनों ने लोकेश ...और पढ़ें
-1792318665985_m.webp)
पानीपत में युवक की संदिग्ध मौत, साथ रहने वाली महिला पर जहर देने का आरोप।
HighLights
पानीपत में 33 वर्षीय लोकेश की संदिग्ध मौत
परिजनों ने साथ रह रही महिला पर जहर का आरोप
पुलिस कर रही मामले की जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
जागरण संवाददाता, पानीपत। सेक्टर 13-17 स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान 33 वर्षीय लोकेश के रूप में हुई है। युवक के साथ रह रही एक महिला पर जहरीला पदार्थ देने का आरोप लगाते हुए मामले की जांच की मांग की है।
कई साल से परिवार से अलग रह रहा था
परिजनों के अनुसार लोकेश मूल रूप से नूरवाला का रहने वाला था। वह कई साल से परिवार से अलग हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में एक महिला के साथ रह रहा था और टूर एंड ट्रैवल का काम करता था। लोकेश की शादी करीब 12 साल पहले हुई थी। उसकी 10 साल की बेटी है जो फिलहाल नूरवाला में अपने दादा-दादी के साथ रहती है।
पत्नी से तलाक के बाद महिला के साथ रहने लगा
स्वजन का आरोप है कि उक्त महिला के संपर्क में आने के बाद लोकेश की अपनी पत्नी से नहीं बनती थी। बाद में दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद लोकेश पत्नी और बेटी से अलग रहने लगा और हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में महिला के साथ रह रहा था। अब परिजनों ने उसी महिला पर लोकेश को जहरीला पदार्थ देने का आरोप लगाया है।
स्वजन के मुताबिक लोकेश को रात में गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया था। सुबह परिवार को उसकी मौत की सूचना दी गई, जिसके बाद परिजन अस्पताल पहुंचे। शवगृह के बाहर परिवार के लोग शोक में बैठे रहे।
फिलहाल लोकेश की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं है। पुलिस का कहना है कि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।
