बच्चों ने ली स्वच्छता की शपथ, पटाखे नहीं चलाएंगे
जागरण संवाददाता, पानीपत : शिव नगर स्थित राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल (गर्ल्स) तथा सिवाह स्थित राज
जागरण संवाददाता, पानीपत :
शिव नगर स्थित राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल (गर्ल्स) तथा सिवाह स्थित राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल (ब्वॉयज) में बृहस्पतिवार को दैनिक जागरण व भाजपा महिला मोर्चा ने जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। बच्चों को पटाखे से होने वाले पर्यावरण के नुकसान, स्वदेशी वस्तुओं के इस्तेमाल करने के महत्व की जानकारी देने के साथ ही स्वच्छता, स्वदेशी वस्तुएं अपनाने, पटाखे न जलाने की शपथ दिलाई गई। स्कूली बच्चों ने जागरण के अभियान में सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
सुबह सात बजे जिला भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता प्रदेश भाजपा महासचिव संजय भाटिया के साथ राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल शिव नगर पहुंचे। मार्निग असेंबली में छात्राओं को पटाखे पर्यावरण होने वाले नुकसान से अवगत करवाया।
संजय भाटिया ने कहा कि बच्चे कच्चे घड़े के समान होते हैं, उन्हें अच्छे बुरे की पहचान होनी चाहिए। देश को सबसे अधिक नुकसान जातिवाद से हो रहा है। हमें इस जहर को बाहर निकालना होगा। संगठित होकर ही हम देश को सुरक्षित रख पाएंगे। नई-नई चुनौतियां देश के सामने है। भ्रष्टाचार के चलते देशहित की योजना ठीक ढंग से लागू नहीं हो पा रही है। यदि हम स्वच्छ रहेंगे तो बीमारियों पर खर्च नहीं होगा। हमें स्वदेशी को अपनाना होगा।
जिला महिला भाजपा मोर्चा की अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने बच्चों को जागरूक करते हुए कहा कि स्वच्छता अभियान में सभी को मिलकर काम करना है। हमें स्वयं भी स्वच्छ रहना होगा। आसपास भी स्वच्छ माहौल रखना होगा। आज सभी शपथ लें कि दीवाली पर पटाखे नहीं चलाएंगे। स्वच्छता अपनाएंगे।
इस अवसर पर स्कूल के प्राचार्य प्रमोद कुमार, प्राध्यापक रविंद्र सिंह, राजीव कुमार, अखो कुमार, उर्षा, सुनीता कादियान, धर्मवीर, जिले सिंह आदि मौजूद रहे।
इसके बाद भाजपा प्रदेश महासचिव संजय भाटिया तथा जिला भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता सिवाह स्थित राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पहुंचे। स्कूली छात्रों को स्वच्छता, पर्यावरण की सुरक्षा के पटाखे न छोड़ने, जातिगत जहर से बचने के प्रति विद्यार्थियों को शपथ दिलाई गई।
संजय भाटिया ने कहा कि हम जब किसी को दोस्त बनाते हैं तो उसके गुण देखते हैं, लेकिन वोट डालने के समय जातिगत लाभ देखते हैं जो राष्ट्र के हित में नहीं है। हमें जातिगत, स्वार्थ से ऊपर उठकर देश हित में काम करना होगा। स्वच्छता का अभियान दैनिक जागरण ने चलाया है वह सराहनीय है यह काम नियमित रूप से होना चाहिए।
डॉ. गुप्ता ने इस अवसर पर भक्त सिंह, चीन भारत का क्या विवाद है आदि विषयों पर बच्चों से प्रश्न पूछे। दसवीं कक्षा के विद्यार्थी विकास ने इनका जवाब दिया। जिस पर डॉ. अर्चना गुप्ता ने विकास को कहा कि उसे अपनी पढ़ाई के लिए किसी भी चीज की जरूरत हो वो हमसे ले सकता है। उन्होंने बच्चों को देशहित में काम करने का आह्वान किया। दीवाली पर पटाखे न जलाकर पटाखों पर होने वाले खर्च को अच्छा काम पर खर्च करने की सीख दी।
इस अवसर पर स्कूल के अध्यापक सुरेंद्र कादियान ने भी अपने विचार रखे।