डॉक्यूमेंट वेरीफिकेशन के लिए बहाया पसीना, अब कट ऑफ का इंतजार
कॉलेजों में शनिवार को डॉक्यूमेंट वेरीफिकेशन कराने के लिए सुबह ही युवाओं की लाइन लग गई। एडिड कॉलेजों में युवाओं की भीड़ को देखते हुए अलग से स्टाफ लगाना पड़ा। दोपहर के बाद युवाओं की भीड़ कुछ हुई।
जागरण संवाददाता, पानीपत : शहर समेत जिले के कॉलेजों में डॉक्यूमेंट वेरीफिकेशन के लिए युवाओं ने आखिरी दिन पूरा पसीना बहाया। कॉलेजों में सुबह से लेकर सायं चार बजे तक वेरीफिकेशन का काम चला। जिनमें कैटेगरी व जाति की सबसे ज्यादा गलती सामने आई। कॉलेज स्तर पर ही गलती ठीक होने पर युवाओं ने राहत की कुछ सांस ली। अब निदेशालय दो जुलाई को पहली कट ऑफ जारी करेगा।
कॉलेजों में शनिवार को डॉक्यूमेंट वेरीफिकेशन कराने के लिए सुबह ही युवाओं की लाइन लग गई। एडिड कॉलेजों में युवाओं की भीड़ को देखते हुए अलग से स्टाफ लगाना पड़ा। दोपहर के बाद युवाओं की भीड़ कुछ हुई। इसके बाद सायं चार बजे तक कॉलेजों में डॉक्यूमेंट वेरीफिकेशन का काम चलता रहा।
दीपक व राजेश ने बताया कि उसने एसडी कॉलेज में अपने डॉक्यूमेंट वेरीफाइ कराए हैं। उसके ऑनलाइन आवेदन में कैटेगरी की गलती थी। रंजना व दीपिका ने आर्य व आइबी कॉलेज में डॉक्यूमेंट की वेरीफिकेशन कराई। उन्होंने बताया कि अब कट ऑफ का इंतजार है।
प्राचार्य बोले- वेरीफिकेशन का काम पूरा
आइबी पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अजय गर्ग ने बताया कि कॉलेज में डॉक्यूमेंट वेरीफिकेशन के लिए अलग से कमेटियों का गठन किया गया था। युवाओं को किसी तरह की दिक्कत नहीं आने दी गई। आर्य पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता ने बताया कि डॉक्यूमेंट वेरीफिकेशन के दौरान जाति और कैटेगरी की गलतियां मिली हैं। इनमें अधिकतर हरियाणा बोर्ड से 12वीं कक्षा पास करने वाले युवा थे। एसडी पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनुपम अरोड़ा ने बताया कि कॉलेज में डॉक्यूमेंट वेरीफिकेशन करने के बाद निदेशालय के पोर्टल पर अपडेट कर दी हैं। अब युवाओं को पहली कट ऑफ में डॉक्यूमेंट से संबंधित कोई दिक्कत नहीं आएगी।