LockDown: जरूरतमंदों के लिए सामाजिक लोगों ने संभाला मोर्चा, संगठन भी आए साथ
दैनिक जागरण के अभियान हमारी गली हमारे जिम्मे के तहत लोगों ने जिम्मेदारी उठानी शुरू कर दी है। वहीं इन लोगों के साथ संगठन भी सामने आने लगे हैं।
पानीपत, जेएनएन। दैनिक जागरण का अभियान हमारी गली-हमारे जिम्मे को पार्षदों ने समर्थन दिया है। पार्षदों ने कहा कि इस तरह से जिम्मेदारी बांटने से जरूरतमंदों तक मदद पहुंच सकेगी। अभी तक ये हो रहा है कि एक जगह दो से तीन संस्थाएं पहुंच जाती हैं, एक जगह पर कोई नहीं पहुंचता। जोन, गली अनुसार जिम्मेदारी बंटेगी तो राशन आसानी से पहुंचाया जा सकेगा। वार्ड 10 के पार्षद रवींद्र भाटिया ने बताया कि छह सेंटर हमने बना लिए हैं। डेहा बस्ती, गंगापुरी रोड, देवीपुरी रोड, चंद्र नगर की गलियों की जिम्मेदारी ले ली है। कोई भूखा नहीं सोएगा। वार्ड 18 के पार्षद बलराज मकोल का कहना है कि ढानक बस्ती, काली माता मंदिर रोड, देसवाल चौक, गली नंबर 11-12, आर्य स्कूल के पास की गलियों में काम कर रहे हैं।
मिसेज पानीपत ने प्रकाश नगर का मोर्चा संभाला
तहसील कैंप के प्रकाश नगर में रहती हैं मिसेज पानीपत रजनी बैनीवाल। इन्होंने अपने एरिया की जिम्मेदारी संभाल ली है। इसके साथ ही आसपास के एरिया में खाना भेजने के लिए समाजसेवियों को पैकेट उपलब्ध करा रही हैं। रजनी ने बताया कि उन्होंने वार्ड-1 की दीनानाथ कॉलोनी, बेरीवाली मस्जिद, सेक्टर 25 ट्रांसपोर्ट नगर में खाना भिजवाया। इस काम में पति संदीप बैनीवाल साथ दे रहे हैं। उनके साथ अमन शर्मा और नितिन भी सहयोग कर रहे हैं।
नीलम ने संभाला एल्डिको के पास का क्षेत्र
एल्डिको निवासी नीलम मेहता ने अपने पड़ोसियों के साथ मिलकर एरिया के साथ रहने वाले जरूरतमंदों लोगों की मदद के लिए जिम्मेदारी उठा ली है। नीलम का कहना है कि उनकी टीम दो सौ लोगों के लिए खाना बनाएगी। खाना बनाना और बांटना भी शुरू कर दिया है। उनके साथ रणजीत कौर, सरला भी हैं। नीलम मेहता ने बताया कि सभी महिलाएं घर से कुछ न कुछ सहयोग कर रही हैं। यह संकट का समय है। हम सभी को मिलकर ही इसे दूर करना है। बाहर से आए लोग हमारे अपने ही हैं। इनकी वजह से पानीपत का विकास हो रहा है। इस समय सभी की मदद करना हमारा कर्त्तव्य है।