Move to Jagran APP

घुटने के दर्द से परेशान आमजन, व्यायाम करने से मजबूत होंगी हड्डियां

पानीपत घुटनों-कूल्हे के दर्द को लंबे समय तक नजरअंदाज करने से ही समस्याएं खड़ी होती हैं।

By JagranEdited By: Published: Sun, 08 Nov 2020 07:36 AM (IST)Updated: Sun, 08 Nov 2020 07:36 AM (IST)
घुटने के दर्द से परेशान आमजन, व्यायाम करने से मजबूत होंगी हड्डियां
घुटने के दर्द से परेशान आमजन, व्यायाम करने से मजबूत होंगी हड्डियां

जागरण संवाददाता, पानीपत : घुटनों-कूल्हे के दर्द को लंबे समय तक नजरअंदाज करने से ही हिप-नी प्रत्यारोपण की नौबत आ रही है। खराब जीवनशैली से मांसपेशियां कमजोर होने लगती हैं। पूरा भार घुटनों पर आने से ये जल्दी घिसने लगते हैं। उठते-बैठते समय कट-कट की आवाज के साथ दर्द होता है। धूम्रपान-शराब सेवन से भी हड्डियां कमजोर होती हैं। दैनिक जागरण कार्यालय में आयोजित हेलो जागरण कार्यक्रम में नीमट्री हेल्थकेयर के कंसलटेंट एवं रवींद्रा अस्पताल के हड्डी रोग विशेषज्ञ डा. अंकुर मित्तल ने सुधी पाठकों के प्रश्नों के उत्तर देते हुए यह जानकारी दी। पाठक : गांव कारद वासी राजपाल ने बताया की उनकी आयु 70 साल है। घुटनों में बहुत दर्द रहता है।

loksabha election banner

डाक्टर : आपके घुटने घिसने शुरू हो गए हैं। एक्स-रे कराएं, रिपोर्ट से पता चलेगा कि स्थिति क्या है। कम गैप है तो व्यायाम-दवा से आराम मिल जाएगा। अधिक है तो सर्जरी करनी पड़ेगी। पाठक : पानीपत निवासी पवन ने बताया कि उम्र 40 साल है। बाएं कंधे में दर्द रहता है।

डाक्टर : भारी वजन उठाने से भी कंधे में दर्द हो जाता है। यूरिक एसिड की जांच व एक्स-रे कराकर देख लें। पाठक : तहसील कैंप निवासी ऊषा रानी ने बताया कि आयु 60 साल है। टांगों में दर्द रहता है। बैठने के बाद उठा नहीं जाता।

डाक्टर : आयु बढ़ने के साथ मांसपेशियां कमजोर होनी शुरू हो जाती हैं। एक बार आप चेकअप कराएं, तब स्थिति साफ होगी। पाठक : सेक्टर-6 से जितेंद्र ने बताया कि आयु 44 साल है। सीढि़यां चढ़ते समय दाएं घुटने में दर्द होता है।

डाक्टर : टखना में सूजन,जांघ की मांसपेशियां कमजोर होने से कई बार ऐसी स्थिति बन जाती है। रोजाना साइकिलिग करें। पाठक : माडल टाउन निवासी विनोद ने बताया कि वह इलेक्ट्रिशियन है। काम करते समय कमर में तेज दर्द होने लगता है।

डाक्टर : एक्स-रे कराएं, रिपोर्ट से सही स्थिति का पता चलेगा। वजन उठाते समय ज्यादा न झुकें। विटामिन-डी चेक कराएं। पाठक : तहसील कैंप निवासी वेदप्रकाश ने बताया कि दुर्घटना में उसकी अंगुली टूट गई थी। प्लास्टर भी चढ़ा रहा, उंगली सीधी नहीं हुई है, दर्द भी है।

डाक्टर : अंगुली का एक्स-रे कराएं। उससे पता चलेगा कि वह जुड़ी है या नहीं। टेढ़ी रहने का कारण भी पता चल जाएगा। पाठक : समालखा निवासी अंकज ने बताया कि आयु 19 साल है। रोजाना दौड़ता हूं, घुटनों व पिडली में दर्द रहने लगा है।

डाक्टर : चेकअप कराएं। घुटनों-टांगों के लिए कुछ व्यायाम बताए जाएंगे। कुछ दिनों मेडिसिन लेनी होगी। पाठक : तहसील कैंप निवासी रवि ने बताया कि 15 साल पहले दुर्घटना में चोटिल हो गया था। अब दौड़ने पर पैर में झटका लगता है।

डाक्टर : ऐसा लगता है कि लिगामेंट (दो हड्डियों को जोड़ने वाला टिश्यू) टूट गया लगता है। एमआरआइ करानी होगी। पूरी तरह से टूट गया है तो सर्जरी ही विकल्प है। पाठक : गांव सिवाह निवासी ईश्वर ने बताया कि दिन में पैरों में सूजन आ जाती है, रात्रि में आराम मिलता है।

डाक्टर : यूरिक एसिड जांच कराएं। किडनी का भी टेस्ट कराएं, रिपोर्ट देखने से पता चलेगा। पाठक : अंसल सोसाइटी वासी मनीष ने बताया कि पिता की आयु 68 साल है। घुटनों में अधिक दर्द रहता है।

डाक्टर : घुटने घिसने लगे हैं। एक्स-रे रिपोर्ट से सही स्थिति पता चलेगी। अधिक दिक्कत हुई तो सर्जरी करानी पड़ सकती है। प्रश्न : खोतपुरा निवासी अमन ने बताया कि वह रनिग करता है। कुछ दिनों से ऐड़ी में दर्द रहने लगा है।

डाक्टर : नंगे पैर नहीं बल्कि नरम शूज पहनकर दौड़ लगाएं। मेडिकल स्टोर पर सिलिकान पैड मिल जाती है,उसे शूज में डालें। तीन मिनट गरम-तीन मिनट ठंडे पानी से सिकाई करें। पाठक : शिवनगर वासी महावीर ने बताया कि सर्दी की दस्तक होते ही जोड़ों में दर्द और कमर में अकड़ने लगी है।

डाक्टर : ये गठिया के लक्षण हैं, जांच कराएं। गठिया दो प्रकार की होती है। सीरो पाजिटिव व सीरो नेगेटिव। सीरो नेगेटिव दवा सेवन से ठीक हो जाती है। पाठक : सेक्टर-11 वासी जितेंद्र ने बताया कि मां की आयु 60 साल, वजन 90 किग्रा. से अधिक है। एक घुटने में दर्द रहता है।

डाक्टर : आपको मां का एक घुटना बदलवाना पड़ेगा। इससे दूसरे घुटने को भी रिलेक्स मिलेगा। पाठक : समालखा वासी सुरेखा ने बताया कि घुटनों में दर्द रहता है। एलोपैथिक मेडिसिन से एलर्जी है, आयुर्वेदिक से आराम नहीं मिल रहा।

डाक्टर : आप पहले एक्स-रे कराएं। उसी से घुटनों की सही स्थिति का पता चलेगा। पाठक : माडल टाउन वासी श्रवण ने बताया कि करीब 23 माह पहले दुघर्टना में टांग टूट गई थी। राड डाली गई थी, क्या उसे निकलवा देना चाहिए।

डाक्टर : आपकी आयु अभी बहुत कम है, रॉड निकलवाना ठीक होगा। भविष्य में इसी टांग में दोबारा चोट लगी तो एमआरआइ भी नहीं हो सकेगी। पाठक : समालखा वासी सुरेश चंद्र ने बताया कि दोनों घुटनों में दर्द व सूजन रहती है।

डाक्टर : यूरिक एसिड बढ़ने से घुटनों में सूजन आती है। बीड़ी-हुक्का पीना बंद कर दें। किडनी की जांच कराएं। पाठक : जीटी रोड, पानीपत निवासी राजेश ने बताया कि वह बाइक पर चलता है। कुछ समय से दायां पैर दबाव सहन नहीं कर रहा है।

डाक्टर : मांसपेशियां कमजोर हो रही हैं। कुछ विशेष व्यायाम के साथ साइकिल चलाएं। ऐसे होंगी हड्डियां मजबूत :

-रोजाना धूप का आनंद अवश्य लें।

-दूध-पनीर-सोया का सेवन करें।

-पत्तेदार हरी सब्जियों का सेवन करें।

-मौसमी फल अवश्य खाएं।

-रोजाना 45 मिनट व्यायाम करें।

-मांसाहारी हैं तो मछली का सेवन करें।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.