दर्दनाक: एक तरफ उठी बहन की डोली, दूसरी तरफ इकलौते भाई की अर्थी Panipat News
पानीपत में बहन की शादी समारोह के बीच भाई की हादसे में मौत हो गई। इसकी सूचना बहन को नहीं दी गई। डोली उठने के बाद उसका पोस्टमार्टम हुआ।
पानीपत, जेएनएन। पानीपत के समालखा में दर्दनाक हादसा हुआ। इस हादसे को जिसने भी सुना उसकी आंखों में आंसू आ गए। भाई ने बहन की धूमधाम से शादी का ख्वाब देखा था। इसके लिए जी-तोड़ मेहनत भी की। ख्वाब सच होने से चंद लम्हे पहले ही संदीप दुनिया छोड़ गया। इसके साथ ही छह माह के बच्चे और पत्नी का सहारा भी छिन गया। ये दर्दभरी दास्तां है मनाना गांव के 22 वर्षीय संदीप की। उसकी बहन की बृहस्पतिवार दोपहर को शादी थी।
सोनीपत के राठधाना के पास स्थित खेड़ी गांव से बरात आनी थी। सुबह करीब 10 बजे भाई अपनी बहन की शादी के लिए सरकंडा लाने के लिए रेलवे लाइन पार खेतों में गया था। वहां से आते समय डीपीएस स्कूल के पीछे ट्रेन की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक संदीप का फाइल फोटो।
बरात को रास्ते में रोक दिया
घटना की सूचना मिलने पर स्वजनों ने तुरंत लड़की के ससुराल पक्ष को सूचना दी। उन्होंने बरात को रास्ते में ही रोक दिया। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची। पंचनामा के बाद संदीप के शव को पोस्टमार्टम के लिए पानीपत शव गृह में रख दिया। इसके बाद मजबूरीवश बरात पक्ष के पांच बुजुर्ग दूल्हे के साथ आए। शादी की रस्म पूरी होने के बाद दुल्हन की डोली उठी। दुल्हन को भाई की मौत की भनक नहीं लगने दी। बहन की डोली जाने के बाद भाई का पोस्टमार्टम हुआ। गमगीन माहौल में दोपहर बाद युवक का अंतिम संस्कार किया।
संदीप पर थी परिवार की जिम्मेदारी
संदीप भाई में इकलौता भाई था। उसकी एक बहन थी। पिता राजकुमार के साथ वह भी चिनाई का काम करता था। पिता के बीमार रहने से बहन की शादी की जिम्मेदारी उसी पर थी। संदीप की दो साल पहले शादी हुई थी। उसे छह माह का एक लड़का है। संदीप की मौत से स्वजनों सहित पड़ोसियों का रो-रो कर बुरा हाल था।
यह भी पढ़ें: जिंदगी दांव पर लगा दो भाईयों ने बचाया 24 लाख रुपयों से भरा एटीएम, पुलिस का सेल्यूट
यह भी पढ़ें: करनाल पहुंचे अभिनेता धर्मेंद्र, बोले- एक्टर न बनता तो आर्मी में जरूर होता
यह भी पढ़ें: शादी में जा रहे बरातियों के साथ हादसा, दूल्हे के दो दोस्तों की मौत, दोनों राष्ट्रीय खिलाड़ी