वर्षा के पदक से दशक का 'सूखा' खत्म
पानीपत के जाटल रोड सौंदापुर चौक निवासी खिलाड़ी वर्षा ने राज्य स्तरीय अंतर केंद्र योग प्रतियोगिता में रजत पदक जीत सालों का सूखा खत्म किया है।
जागरण संवाददाता, पानीपत
पानीपत के जाटल रोड सौंदापुर चौक निवासी खिलाड़ी वर्षा ने राज्य स्तरीय अंतर केंद्र योग प्रतियोगिता में रजत पदक जीत सालों का सूखा खत्म किया है। बेटी की इस उपलब्धि पर अभिभावकों की खुशी का कोई ठिकाना नहीं है। उक्त प्रतियोगिता में करीब दस साल बाद मेडल मिलने से स्थानीय खेल विभाग के अधिकारी भी उत्साहित है। वो वर्षा की सराहना करते नहीं थक रहे हैं।
24 खिलाड़ियों में से एक ने दिलाया मेडल
योग प्रशिक्षक सतीश कुमार ने बताया कि खेल और युवा कार्यक्रम विभाग की ओर से यमुनानगर के तेजली स्टेडियम में 27 से 29 नवंबर तक राज्य स्तरीय अंतर केंद्र योग प्रतियोगिता आयोजित की थी। इसमें जिला से 8 से 12, 12 से 15, 15 से 19 और 19 से 25 आयु वर्ग में चौबीस खिलाड़ियों ने भाग लिया। इसमें 12 लड़के और 12 लड़कियां थी। उन्होंने बताया कि 15 से 19 आयु वर्ग में वर्षा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता। बाकी खिलाड़ियों का प्रदर्शन भी सराहनीय रहा। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के हित में योग को हरियाणा ओलंपिक संघ से मान्यता मिलनी चाहिए। डीएसओ अनिल कुमार ने बताया कि उक्त प्रतियोगिता में करीब 10 साल बाद मेडल आया है। 5वीं कक्षा से शुरू किया था योग
खिलाड़ी वर्षा ने बताया कि वो आर्य गर्ल्स पब्लिक स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ती है। योग के प्रति उसका बचपन से ही लगाव था। टीवी पर भी योग के कार्यक्रम देखती थी। स्कूल में पांचवीं कक्षा में कोई भी खेल चुनने के लिए कहा तो उसने योग चुना। उसके बाद से वो लगातार दो घंटे सुबह और दो घंटे शाम को योग का अभ्यास करती आ रही है। उसने बताया कि वो सीबीएसई जोनल में भी रजत पदक जीतने के साथ तमिलनाडू में आयोजित इंटरनेशनल टूर्नामेंट में भाग ले चुकी है। उसके पिता दीपक रेडू डेयरी फार्म चलाते हैं। जबकि माता सुनीता गृहिणी है।