दहेज के लिए दर्द की इंतहा, इंजीनियर पति ने दरिंदगी की हद पार की
दहेज में दस लाख रुपये न लाने की वजह से इंजीनियर पति ने पत्नी की हत्या का प्रयास किया। जान बचाकर महिला पुलिस के पास पहुंची और पति सहित सास और रिश्तेदार के खिलाफ शिकायत दी।
पानीपत, जेएनएन। दहेज में दस लाख रुपये की मांग पूरी न करने पर शुक्रवार सुबह सोनीपत के प्रेम नगर के इंजीनियर पति ने पत्नी का रस्सी से गला घोंटकर हत्या की कोशिश की। पीडि़ता ने आरोप लगाया कि उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा रहे थे। सास ने एक अन्य रिश्तेदार महिला के साथ मिलकर धारदार हथियार व डंडे से हमला किया। पीडि़ता ने आरोपितों के चंगुल से छूटकर जान बचाई। उसने महिला थाने में पति, सास व एक महिला के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
घटना शनिवार सुबह करीब दस बजे की है। बिल्डिंग मैटेरियल के ठेकेदार सेक्टर 13-17 निवासी जयभगवान की बीएससी पास बेटी आरती (23) ने बताया कि 20 जून 2017 को उसकी शादी सोनीपत के प्रेम नगर के इंजीनियर हिमांशु के साथ हुई थी। दहेज में उसे 10 लाख रुपये व 25 तोले सोना दिया गया था।
बाथरूम गई तो किया हमला
आरोप है कि ससुराल वाले उसे दहेज में और दस लाख रुपये की मांग कर रहे थे। उसने मना किया तो पति, सास राजेश, ससुर राजेश ननद रूबी व रूबी के पति पवन प्रताडि़त करने लगे। शुक्रवार सुबह वह बाथरूम में थी। तभी पति ने गीजर बंद कर दिया। वह बाहर निकली तो पति जान से मारने का प्रयास किया।
मां को वारदात के बारे में बताया
सास राजेश ने धारदार हथियार व पवन की चाची ने डंडे से उसके हाथ और कमर पर हमला कर दिया। उसने अपनी मां सुदेश को कॉल कर वारदात के बारे में जानकारी भी दी। इसकी रिकार्डिंग भी है। राहगीर ने सिविल पुलिस लाइन थाने को कॉल कर वारदात की जानकारी दी। पुलिस उसे थाने ले गई और फिर माता-पिता घर ले आए। आरती को सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया।
थाने में धमकाकर करा दिया समझौता
पीडि़त आरती ने आरोप लगाया कि ससुराल वालों के साथ छह बार पंचायत हो चुकी है। 17 दिसंबर को सोनीपत के सिविल लाइन थाने में पंचायत हुई थी। उसके माता-पिता को बाहर निकालकर जबरन पुलिसकर्मियों ने समझौता पत्र पर हस्ताक्षर करा लिए। ननदोई पवन दिल्ली में होम मिनिस्ट्री में कार्यरत है।
दी धमकी, उनका कुछ नहीं बिगाड़ पाएगी
पवन ने धमकी दी कि वे उनका कुछ नहीं बिगाड़ पाएगी। उसे व उसके परिजनों को भी धमकाया जा रहा है। इस बारे में थाना प्रभारी सवित ने कहा कि आरोप बेबुनियाद हैं। आरती पर कोई दवाब नहीं डाला। शुक्रवार को आरती को परिजन साथ ले गए थे और सोमवार को दोनों पक्षों को थाने बुलाया है। महिला थाना प्रभारी मीना ने बताया कि पीडि़ता आरती के बयान पर पति, सास व एक महिला के खिलाफ दहेज प्रताडऩा का मामला दर्ज कर लिया है।