कुवि के नए वीसी की तलाश तेज, तीन लोगों के नाम सरकार के पास भेजे
कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी के नए वीसी की घोषणा जल्द हो सकती है। सरकार के पास तीन नाम भेजे गए हैं। संभव है कि कुरुक्षेत्र जिले का चेहरा हो।
पानीपत/कुरुक्षेत्र, [पंकज अरोड़ा]। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के लिए नए कुलपति की तलाश शुरू हो गई है। इसके लिए संगठन और सत्ता के नजदीकी नेताओं ने अपनी जुगत भी शुरू कर दी है। नया चेहरा कुरुक्षेत्र जिले का ही होगा और जल्द ही नियुक्ति हो सकती है। हालांकि डा. नीता खन्ना को लॉकडाउन के दौरान कार्यकारी वीसी बनाया गया था।
कुलपति की नियक्ति से पहले सरकार हमेशा सर्च कमेटी बनाती है, जबकि अब तक सर्च कमेटी का गठन नहीं किया जा सका है। यह कमेटी सरकार को कुलपति के लिए नाम का सुझाव देगी।
सूत्रों की माने तो जजपा कुवि में अपने किसी समर्थक को कुलपति के पद पर बैठाने के प्रयास में है। पार्टी के एक नेता ने इसकी पुष्टि भी की है। इन सबके चलते करीब ढाई माह से हरियाणा का सबसे पुराना विश्विद्यालय कार्यवाहक कुलपति के सहारे चल रहा है।
जिले को मिल सकती है कुर्सी
उम्मीद जताई जा रही है की इस बार कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय को जिला कुरुक्षेत्र से ही नया कुलपति मिल सकता है। पिछले कुछ वर्षों से अपने वर्करों को फिट करने के लिए बाहरी, यहां तक कि अन्य प्रदेशों से भी कुलपति लगाए जाते थे। इस बार कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय को स्थानीय स्तर पर ही कुलपति मिलने वाला है। इस कुर्सी पर बैठने के लिए कई महानुभाव प्रयासरत हैं।
नया चेहरा जल्द मिलने की उम्मीद
सूत्रों की माने तो तीन लोगों के नाम सरकार के पास जा चुके हैं। इनमें एक नाम राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान कुरुक्षेत्र के एक प्रोफेसर का सबसे ऊपर है। इनका नाम संघ के बड़े कार्यकर्ता ने भेजा हैं। दूसरा नाम कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के ही एक प्रोफेसर का भी नाम चल रहा है। इनके लिए एक बड़े नेता दिन-रात एक किए हुए हैं। प्रदेश सरकार के एक मंत्री इनकी पैरवी कर रहे हैं। तीसरा नाम दक्षिण हरियाणा के एक विश्विद्यालय में कार्यरत कुलपति का है। इनका संबंध भी कुरुक्षेत्र से रहा है। इनको संघ के एक बड़े कार्यकर्ता का आशीर्वाद प्राप्त है।
सबसे पुराना विश्वविद्यालय
कुवि प्रदेश का सबसे पुराना विश्वविद्यालय है। इसकी स्थापना 62 वर्ष पहले हुई थी। यहां पर पढ़कर निकले बच्चे आज ऊंच पदों पर हैं। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में कुलपति का पद 31 मार्च से खाली है। कुलसचिव डॉ. नीता खन्ना को कार्यवाहक कुलपति बनाया हुआ है। कुवि के लोक संपर्क विभाग के सहायक निदेशक दीपक बब्बर ने कहा कि सर्च कमेटी बनाना सरकार का काम है वो इससे ज्यादा कुछ नहीं बता सकते।