यमुनानगर में सरदार गुरविंद्र हत्याकांड का पर्दाफाश, मंधार सरपंच ने रची थी हत्या की साजिश
यमुनानगर के गांव मंधार के सरदार गुरविंद्र सिंह की हत्या सरपंच ने करवाई थी। जहां हत्या हुई वहां आसपास के सीसीटीवी भी बंद थे। पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया।
पानीपत/यमुनानगर, जेएनएन। यमुनानगर में थाना छप्पर के गांव मंधार के 48 वर्षीय सरदार गुरविंद्र सिंह की हत्या के मामले का पर्दाफाश हो गया है। गांव के ही सरपंच रणबीर सिंह ने गुरविंद्र की हत्या करवाई थी। सीआइए वन ने इस हत्याकांड में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
इनमें मंधार के अनिल कुमार, लखविंद्र सिंह, मंगा सिंह और एक अन्य सोनीपत के गांव शाहरपुर टंगा का भूपेंद्र उर्फ छोटा है। सरपंच के कहने पर ही इन्होंने वारदात को अंजाम दिया था। जहां पर वारदात हुई। वहां पर लगे पंचायती सीसीटीवी कैमरे भी बंद मिले थे। जबकि अन्य जगहों पर लगे सीसीटीवी कार्य कर रहे थे। एसपी कमलदीप गोयल इस संबंध में प्रेसवार्ता करेंगे।
बाइक पर आए थे तीन बदमाश
पुलिस को दी शिकायत में मंधार निवासी जसविंद्र सिंह ने बताया कि वह गांव में ही ठेके पर जमीन लेकर खेती करता है और यही पर किराये के मकान में रहता है। 30 जून की शाम को करीब साढ़े सात उनका जीजा गुरविंद्र घर पर आया हुआ था। यहां से जीजा के घर की चाबी ली। फिर जीजा के साथ अपने सात वर्षीय बेटे मानविंद्र को लेकर चल दिया। रास्ते में दुकान पर मानविंद्र को खाने की चीज दिलाई। इतने में वह मकान का ताला खोलकर अंदर चले गए। कुछ देर बाद जीजा गुरविंद्र अटल सेवा केंद्र पर नीलम के पास कागजात के संबंध में चले गए। वह दुकान के बाहर ही खड़े थे। तभी स्पलेंडर बाइक पर मुंह लपेटे तीन युवक आए। आते ही उन्होंने दुकान के बाहर खड़े गुरविंद्र पर फायर किए। उनसे बचकर वह नीलम की दुकान में घुस गए। तभी दो हमलावर बाइक पर बैठे रहे और एक उतरकर दुकान के अंदर गया और गुरविंद्र के सिर में गोली मारी। इसके बाद वहां से फरार हो गए। तुरंत वह जीजा गुरविंद्र को गंभीर हालत में अस्पताल के लिए लेकर चले। जहां उनकी मौत हो गई।
भाई ने भी सरपंच पर जताया था शक
मृतक के भाई अमरजीत सिंह ने दैनिक जागरण को बताया था कि उनके भाई गुरविंद्र की गांव में कई लोगों से रंजिश चल रही थी। 21 मार्च 2019 को गुरविंद्र की कार का पीछा किया गया था। जिन लोगों ने उसका पीछा किया था। वह हथियार लिए हुए थे। शिकायत में कहा गया था कि गांव का सरपंच रणबीर व उसका भाई उनसे रंजिश रखते हैं।
पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें