Amarnath Yatra: रामबण में इनकी सेवा को सलाम, मिठाई से लेकर ड्राइफ्रूट तक करवा रहे उपलब्ध
Amarnath Yatra हरियाणा के यमुनानगर के शिव भक्तों ने अमरनाथ यात्रियों के लिए रामबण में भंडारा लगाया है। इसमें मिठाई से लेकर ड्राईफ्रूट तक उपलब्ध कराया जा रहा है। 10 हलवाई 10 वेटर व चार बिजली कर्मी दे रहे सेवा।
यमुनानगर, जागरण संवाददाता। कोरोना के कारण तीन वर्ष से बंद बाबा अमरनाथ यात्रा को लेकर इस बार शिव भक्तों में भारी उत्साह है। यात्रा पर जाने वालों में जितना जोश है, उससे कई गुणा अधिक वहां सेवा करने वालों में देखा जा रहा है। यमुनानगर-जगाधरी से यदि बात की जाए तो जम्मू-कश्मीर हाइवे पर जिला रामबण में दो विशाल भंडारों का आयोजन किया जा रहा है।
इनमें श्री अमर नाथ मणी महेश सेवा मंडल जगाधरी के कोषाध्यक्ष पवन महेश्वरी की अगुवाई में 10 हलवाई, 10 वेटर व चार बिजली कर्मी सेवाएं दे रहे हैं। भंडारा 21 जून से लगातार चल रहा है। हर दिन हर हजारों की संख्या में श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं। खास बात यह है कि भंडारे में नाश्ता, दोपहर व रात्रि भोजन के साथ-साथ हर तरह की मिठाई से लेकर ड्राइ फ्रूट तक की सेवा उपलब्ध करवाई जा रही है।
रामबण प्रशासन का मिल रहा सहयोग
दैनिक जागरण के साथ यात्रा के पलों को सांझा करते हुए श्री अमर नाथ मणी महेश सेवा मंडल जगाधरी कोषाध्यक्ष पवन महेश्वरी ने बताया कि इस बार बाबा अमरनाथ यात्रा को लेकर बेहद उत्साह देखा जा रहा है। जिला यमुनानगर से हजारों की संख्या में भक्तजन यात्रा के लिए रवाना हो रहे हैं। जम्मू कश्मीर में रामबण प्रशासन का विशेष रूप से सहयोग मिल रहा है। जहां-जहां भंडारे चल रहे हैं, वहां-वहां विशेष रूप से सुरक्षा बल तैनात हैं। शिव भक्तों को किसी तरह की दिक्कत नहीं आने दी जा रही है। सुखद माहौल में यात्रा चल रही है।
यमुनानगर से रवाना हो चुका 20 ट्रकों का काफिला
शिव भक्त श्याम अग्रवाल ने बताया कि 20 जून को लंगर कमेटी की ओर से भंडारे का सामान लेकर पांच ट्रकों का काफिला रवाना हो चुका है। जम्मू कश्मीर हाइवे पर रामबण जिले में 21 जून को भंडारा शुरू हो गया था। भंडारे में भोले के भक्तों के लिए हर सुविधा उपलबब्ध करवाई है। इसमें यात्रियों के लिए चाय, दूध, नाश्ता, रात्रि व दोपहर का भोजन की व्यवस्था है। इसके अलावा विभिन्न प्रकार की मिठाइयां व रत्रि विश्राम की व्यवस्था की गई है। यह सेवा बिल्कुल निशुल्क की है। रामबण प्रशान की ओर से इस बार यात्रियों के लिए निशुल्क चिकित्सा व्यवस्था का पूर्ण प्रबंध किया गया है।
लंगर लगाने वालों को मिल रही हर सुविधा
बिजली-पानी की व्यवस्था को लेकर किसी तरह की कोताही नहीं बरती जा रही है। जम्मु कश्मीर के हिंदू परिषद के चेयरमैन आशीष शर्मा अपनी पूरी टीम के साथ दिनरात जुटे हुए हैं। लंगर लगाने वालों की हर हर संभव सहायता कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि यहां करीब 33 लंगर लगे हुए हैं। अब से पहले यमुनानगर-जगाधरी से हजारों यात्री रवाना हो चुके हैं। यात्रा 11 अगस्त तक चलेगी। यह यात्रा 43 दिन की है। यमुनागनर-जगाधरी से हर दिन दो-तीन बसें रवाना हो रही हैं।